कौन हैं IAS Sujata Saunik ? जो महाराष्ट्र की पहली महिला मुख्य सचिव बनीं

0
27
ias-sujata-saunik

IAS Sujata Saunik, मुंबईः महाराष्ट्र सरकार ने पहली बार किसी महिला IAS अधिकारी को महाराष्ट्र का मुख्य सचिव नियुक्त किया है। 30 जून को 1987 बैच की आईएएस अधिकारी सुजाता सौनिक ने महाराष्ट्र की नई मुख्य सचिव का कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने सेवानिवृत्त आईएएस नितिन करीर का स्थान लिया है। वह महाराष्ट्र की मुख्य सचिव के पद पर नियुक्त होने वाली पहली महिला आईएएस अधिकारी हैं। पिछले कई दिनों से चर्चा थी कि सुजाता सौनिक को राज्य का मुख्य सचिव नियुक्त किया जाएगा। आखिरकार यह चर्चा सच हो गई।

मुख्य सचिव के पद के लिए इन नामों की थी चर्चा

सुजाता सौनिक के अलावा मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव इकबाल चहल (1989 बैच) और राजस्व विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश कुमारी (1987 बैच) मुख्य सचिव पद के लिए दो प्रमुख दावेदार थे।  लेकिन अंत में सुजाता सौनिक (IAS Sujata Saunik) के नाम पर मोहर लगी। इससे पहले उनके पति मनोज सौनिक भी राज्य के मुख्य सचिव रह चुके हैं। सुजाता सौनिक जून 2025 तक राज्य की मुख्य सचिव का कार्यभार संभालेंगी।

कौन हैं IAS Sujata Saunik ?

सुजाता सौनिक को एक तेजतर्रार और सख्त अनुशासनप्रिय महिला IAS अधिकारी के रूप में जाना जाता है। सुजाता सौनिक वर्तमान में राज्य के गृह विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव का कार्यभार संभाल रही हैं। हाल ही में उन्हें कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा सचिव रैंक में पदोन्नत किया गया था। वह सामान्य प्रशासन विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर भी काम कर चुकी हैं। उन्होंने सार्वजनिक स्वास्थ्य सहित कुछ अन्य विभागों में भी काम किया है।

इसके अलावा IAS Sujata Saunik को जिला, राज्य और संघीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवा, वित्त, शिक्षा, आपदा प्रबंधन और शांति स्थापना और भारतीय प्रशासनिक सेवा और संयुक्त राष्ट्र के हिस्से के रूप में अंतरराष्ट्रीय संगठनों में सार्वजनिक नीति और शासन में तीन दशकों का अनुभव है। सरकार ने उनके पति मनोज सौनिक को अप्रैल-दिसंबर 2023 तक सीएस के रूप में नियुक्त किया था।

वर्तमान में मनोज सौनिक मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार हैं। मनोज सौनिक के सेवानिवृत्त होने के बाद 1988 बैच के उनके जूनियर नितिन करीर को मुख्य सचिव के रूप में चुना। पिछले साल 31 दिसंबर को नियुक्त किए गए करीर को इस साल मार्च में सेवानिवृत्त होना था, लेकिन लोकसभा चुनावों के मद्देनजर उन्हें तीन महीने का सेवा विस्तार दिया गया। इसके बाद मनोज सौनिक की पत्नी सुजाता सौनिक की नियुक्ति हुई।

ये भी पढ़ेंः- Criminal law: देश में आज से तीन नए कानून लागू, जानिए क्या-क्या हुए बदलाव

सरकार का महिला मतदाताओं को एक मजबूत संकेत

गौरतलब है कि कुछ महीने पहले ही रश्मि शुक्ला को महाराष्ट्र का पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया था। रश्मि शुक्ला महाराष्ट्र की पहली महिला पुलिस महानिदेशक बनीं। इसके बाद सरकार ने एक अन्य महिला अधिकारी को राज्य का मुख्य सचिव भी नियुक्त किया है।

दरअसल महाराष्ट्र की शिंदे सरकार सरकार आगामी विधानसभा चुनावों से पहले महिला मतदाताओं को एक मजबूत संकेत देना चाहती थी। साथ ही, उनका चयन ऐसे समय में हुआ है जब सरकार ने हाल ही में चौथी महिला नीति के कार्यान्वयन की शुरुआत की है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और उनका विकास करना है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)