हिमाचल में भाजपा की बढ़ीं मुश्किलें, अनुराग ठाकुर के गढ़ में नहीं खुला खाता

32

शिमला: हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने भाजपा को सत्ता से बाहर कर दिया है। 68 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस को 40, भाजपा को 25 और निर्दलीयों को 03 सीटें मिली हैं। इस चुनाव में हमीरपुर, शिमला और कांगड़ा संसदीय क्षेत्रों की 51 सीटों में से 38 सीटों पर भाजपा की हार हुई है। इन संसदीय क्षेत्रों से प्रतिनिधित्व करने वाले भाजपा सांसदों केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप और किशन कपूर का ग्राफ काफी गिर गया है।

कई दशकों बाद ऐसा हुआ है कि भाजपा अनुराग ठाकुर के गृह जिला हमीरपुर में खाता भी नहीं खोल पाई है। सांसद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप के शिमला संसदीय क्षेत्र में भाजपा की सबसे खराब हालत हुई है। यहां भाजपा 17 में से 03 सीटें हीं जीत पाई है। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में भी भाजपा 05 सीटें ही हासिल कर पाईं। इस तरह इन तीनों संसदीय क्षेत्रों में भाजपा को जबरदस्त नुकसान हुआ है। ऐसे में इन सीटों पर भाजपा के लिए आगामी लोकसभा चुनाव में खतरे की घंटी है।

ये भी पढ़ें..रामपुर सीट पर पहली बार खिला भाजपा का कमल, ढह गया…

कांग्रेस की धमाकेदार जीत ने तीनों सांसदों अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप और किशन कपूर की 2024 के लोस चुनाव की राह कठिन बना दी है। अनुराग ठाकुर को लीड दिलाने वाले हमीरपुर और ऊना जिलों में भाजपा बुरी तरह पिट गई है। कांगड़ा जिला की 10 सीटों में भाजपा की पराजय ने किशन कपूर के समीकरण बिगाड़ दिए हैं। इसी तरह सोलन और शिमला जिलों में भाजपा को मिली बड़ी हार से सुरेश कश्यप की चुनावी डगर आसान नहीं है। भाजपा को राहत एकमात्र मंडी संसदीय क्षेत्र में मिली है, जहां पार्टी को 17 में से 12 सीटें मिली हैं। दिलचस्प बात यह है कि मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सांसद हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)