मनोरंजन

घरेलू हिंसाः हनी सिंह और उनके माता-पिता को 28 को कोर्ट में वर्चुअली पेश होने का आदेश

नई दिल्ली: दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने बॉलीवुड सिंगर यो यो हनी सिंह ऊर्फ हिरदेश सिंह के खिलाफ उनकी पत्नी शालिनी सिंह की ओर से घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत दर्ज केस पर सुनवाई करते हुए हनी सिंह के माता-पिता को भी तलब किया है। मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट तान्या सिंह ने हनी सिंह और उनके माता-पिता को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये 28 सितंबर को पेश होने का आदेश दिया।

आज हनी सिंह कोर्ट में पेश हुए। उनके पेश होने के बाद जज ने अपने चैंबर में ले जाकर हनी सिंह और उनकी पत्नी से एक साथ और अलग-अलग बात की। कोर्ट ने पाया कि हनी सिंह और उनकी पत्नी के बयानों में घर छोड़ने के तथ्यों को लेकर विरोधाभास है। शालिनी सिंह ने कहा कि उन्हें 20 मार्च को घर से बाहर निकाल दिया गया। दूसरी ओर हनी सिंह ने कहा कि शालिनी ने अपनी मर्जी से 16 मार्च को घर छोड़ा।

सुनवाई के दौरान हनी सिंह और उनकी पत्नी के बीच सहमति बनी की शालिनी हनी सिंह के घर अपने दो वकीलों और प्रोटेक्शन अफसर के साथ 5 सितंबर को जाएंगी और अपने सामान ले आएंगी। कोर्ट ने कहा कि अपने सामान वो जहां चाहे रख सकती हैं। कोर्ट ने कहा कि शालिनी के अपने ससुराल जाने की पूरी वीडियोग्राफी की जाएगी और उस वीडियोग्राफी का खर्च शालिनी वहन करेंगी। कोर्ट ने कहा कि जो सामान शालिनी हनी सिंह के घर से ले आएंगी उसकी सूची पर दोनों के हस्ताक्षर होंगे।

कोर्ट ने दोनों पक्षों को निर्देश दिया कि वे गरिमा को बनाये रखें और अभद्र बातचीत या मैसेजिंग नहीं करें। कोर्ट ने शालिनी को 15 सितंबर तक अपनी आमदनी और खर्चे का ब्यौरा दाखिल करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने कहा कि शालिनी के आवास को लेकर दोनों पक्ष आपसी सहमति कायम करें वरना कोर्ट आदेश जारी करेगा।

पिछले 28 अगस्त को हनी सिंह सुनवाई के दौरान तीस हजारी कोर्ट में पेश नहीं हुए। उन्होंने अपने वकील के जरिेए आज कोर्ट में पेशी से छूट की मांग की थी। कोर्ट ने हनी सिंह को पिछले तीन सालों की अपनी आमदनी से संबंधित विस्तृत हलफनामा और इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने कहा था कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।

हनी सिंह के वकील ने कहा था कि उनकी तबीयत खराब है इसलिए वे कोर्ट में उपस्थित नहीं हो पाए हैं। उन्होंने कोर्ट में पेशी से छूट की मांग की था। उन्होंने कहा था कि सुनवाई की अगली तिथि को वे कोर्ट में पेश होंगे। उसके बाद कोर्ट ने हनी सिंह की मेडिकल रिपोर्ट और पिछले तीन सालों की आमदनी का विस्तृत ब्यौरा और इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने का निर्देश दिया।

अपनी याचिका में शालिनी सिंह ने कहा है कि हनी सिंह हनीमून के समय से ही उन्हें प्रताड़ित करते थे। शालिनी ने याचिका में कहा है कि मॉरीशस में हनीमून के दौरान ही हनी सिंह के व्यवहार बदलने लगे थे। याचिका के मुताबिक जब शालिनी ने हनी सिंह से उनके बदले व्यवहार के बारे में पूछा तो उसे बेड पर धक्का दे दिया और कहा कि जब हनी सिंह से सवाल पूछने की हिम्मत किसी की नहीं होती तो तुम भी मुझसे सवाल मत पूछना। हनीमून के दौरान एक घटना के बारे में याचिका में कहा गया है कि हनी सिंह होटल के कमरे से बाहर चले गए और दस-बारह घंटे तक वापस नहीं आए। शालिनी के लिए वो जगह नई थी। जिसकी वजह से वो कमरे में ही रहीं और हनी सिंह का इंतजार करती रहीं। हनी सिंह उस दिन देर रात वापस लौटे तो नशे में थे।

यह भी पढ़ेंः-UNHCR के दफ्तर से अफगानी नागरिकों की शिफ्टिंग पर दो दिन में फैसला करे दिल्ली सरकारः हाई कोर्ट

शालिनी ने याचिका में हनी सिंह से 10 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है। याचिका में दिल्ली में आवास की मांग की गई है और मासिक खर्च के रूप में पांच लाख रुपये हर महीने देने की मांग की गई है। मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट तान्या सिंह ने याचिका पर सुनवाई करते हुए हनी सिंह को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने 28 अगस्त तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। हनी सिंह की पत्नी शालिनी ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। याचिका में हनी सिंह पर शारीरिक हिंसा, यौन हिंसा और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। याचिका में हनी सिंह की पत्नी ने उनके पिता सरबजीत सिंह, मां भूपिंदर कौर और बहन स्नेहा सिंह पर भी घरेलू हिंसा में शामिल होने का आरोप लगाया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)