प्रदेश मध्य प्रदेश करियर

गृहमंत्री का बड़ा ऐलान, महिला आरक्षक भर्ती में ऊंचाई की सीमा घटी

भोपाल: मध्य प्रदेश में पुलिस बनने का सपना देख रही महिलाओं के लिए खुशखबरी है। शिवराज सरकार ने महिला आरक्षक भर्ती में ऊंचाई की सीमा को घटा दिया है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ऊंचाई की सीमा कम होने की जानकारी मीडिया को दी है। सरकार के इस ऐलान के बाद महिलाओं को पुलिस भर्ती में ऊंचाई को लेकर होने वाली समस्या से राहत मिलेगी।

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि पुलिस भर्ती में महिला उम्मीदवारों के लिए गृह विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। महिला आरक्षक भर्ती में ऊंचाई की सीमा अब कम होगी। इसके तहत अब महिला आवेदकों को ऊंचाई में 3 सेंटीमीटर की छूट मिलेगी। उनके लिए ऊंचाई के मापदंड को 158 सेंटीमीटर से घटाकर 155 सेंटीमीटर किया गया है। सरकार का यह नया नियम अगली भर्ती प्रक्रिया में लागू होगी। उल्लेखनीय है कि लंबे समय से ऊंचाई की सीमा घटाने की मांग की जा रही थी। वहीं अब सरकार ने मांग पर अमल किया है।

ये भी पढ़ेंः-बुधवार को योग निद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु, शुरू हो जाएंगे शुभ काम

बंदियों की पैरोल अवधि बढ़ेगी

इसके अलावा गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि जेल में बंदियों की पैरोल अवधि और 60 दिन बढ़ेगी। सरकार ने कोविड 19 संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रदेश की जेलों में करीब 04 हजार कैदियों के पैरोल की अवधि और दो महीने बढ़ाने का फैसला लिया है।