HOLI 2023: इंडिया पब्लिक खबर में धूम-धाम से मनाई गई होली

111

लखनऊ: देशभर में होली पर्व की धूम है। सभी एक-दूसरे को अबीर और गुलाल लगाकर होली पर्व की शुभकामनाएं दे रहे हैं। इंडिया पब्लिक खबर के प्रधान कार्यालय में भी रंगों का पर्व होली बेहद धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सभी कर्मचारियों ने एक-दूसरे को अबीर व गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। होली के गीतों ने पूरे माहौल को रंगमयी बना दिया। कार्यक्रम के दौरान सभी कर्मचारी पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए।

होली के अवसर पर इंडिया पब्लिक खबर समूह के प्रधान संपादक व चेयरमैन मथुरेश श्रीवास्तव ने रंगोत्सव के पावन पर्व होली की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है। उन्होंने सभी को गुलाल लगाया और गुझिया के पैकेट वितरित किये। इस मौके पर उन्होंने शांतिपूर्ण होली मनाने की अपील करते हुए कहा कि हिन्दुस्तान में हर एक त्योहार एक अलग संदेश देता है। होली भी इनमें से एक है। होली आपसी प्रेम, भाईचारे का संदेश देता है। यह मन से एक दूसरे के प्रति द्वेष मिटाकर भाईचारा निभाने का पर्व है।

उन्होंने कहा कि होली की मनमोहकता के चलते ही यह कई देशों में भी परम्परा के साथ मनाई जाती है। होली ही एक ऐसा पर्व है जोकि दिल से हर तरह के द्वेष को भुलाकर दुश्मन को भी गले लगाने का संदेश देती है। कार्यक्रम के दौरान होली के पारंपरिक गीतों ने सभी के मन को मोह लिया। उन्होंने कहा कि होली का त्यौहार, सांस्कृतिक एकता को मजबूती प्रदान करने तथा समाज में भाई-चारे एवं समरसता की भावना को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। होली के रंग अनेकता में एकता की हमारी संस्कृति के परिचायक हैं। इसे और मजबूत बनाना हम सभी की जिम्मेदारी और नैतिक कर्तव्य है। रंगों और खुशियों से लबरेज यह पर्व हमें आपसी भाईचारे व प्रेम-सौहार्द को बढ़ाने की सीख देता है।

ये भी पढ़ें..CISF के 948 कर्मियों को पदोन्नत कर बनाया गया सब-इंस्पेक्टर

बता दें कि भारत ही नहीं पूरी दुनिया में होली का पर्व बड़ी धूम-धाम से मनाया जाता है। इस बार 7 मार्च को होलिका दहन और 8 मार्च को होली मनाई जाएगी। राजधानी लखनऊ की प्रमुख बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी है।कोरोना महामारी के कारण जो बाजार पिछले दो तीन सालों से बेजार दिखाई दे रहे थे वे इस समय खरीदारों से गुलजार हो गए हैं। गुजिया, नमकीन, पापड़ खोया और मिठाई के साथ-साथ कपड़ों की दुकानों पर भारी भीड़ दिखाई पड़ रही है। हाथ से बने चिप्स-पापड़ों की मांग सबसे अधिक है। रंगों को लेकर खासकर राजधानी के बच्चों में उत्साह देखा जा रहा है। कार्टून कैरेक्टर के पिचकारियों को लेकर बच्चों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। रंगों में हर्बल रंगों और गुलाल की मांग साल दर साल बढ़ती जा रही है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)