Featured दुनिया

जंग के बीच रूस-यूक्रेन में आज होगी ऐतिहासिक वार्ता, बेलारूस पहुंचे दोनों देशों के दल

मॉस्कोः रूस और यूक्रेन में जारी जंग के बीच सोमवार को दोनों देश की ऐतिहासिक वार्ता होगी। इसके लिए सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसके लिए दोनो देशों के प्रतिनिधि बेलारूस पहुंच चुके हैं। रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के बीच कुछ ही देर में वार्ता शुरू होगी। रूसी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख ने स्पुतनिक के हवाले से यह जानकारी दी है। बेलारूस और रूस के करीबी संबंध हैं और बेलारूस के जरिए भी रूस ने यूक्रेन पर हमला किया है। यूक्रेन ने पहले बेलारूस में वार्ता करने से इनकार भी किया था। दरअसल रूस ने बीते गुरुवार को यूक्रेन पर हमला बोला था और इस तरह दुनियाभर में चिंता की लहर दौड़ गई। यूक्रेन पर रूस के हमले में सूत्रधार के रूप में बेलारूस की भूमिका को देखते हुए कीव शुरू में यहां पर प्रतिनिधिमंडल को भेजने की अनिच्छा जताई थी।

ये भी पढ़ें..Russia-Ukraine war: यूक्रेन में फंसे मध्य प्रदेश के अब तक 15 छात्र घर लौटे

इससे पहले यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने रूस के साथ शांति वार्ता करने के लिए बुडापेस्ट और वारसॉ सहित वैकल्पिक शहरों का सुझाव देते हुए बेलारूस में वार्ता आयोजित करने के रूस के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। जेलेंस्की ने रविवार को अपने टेलीग्राम चैनल पर पोस्ट किए गए एक वीडियो संबोधन में क्रेमलिन की घोषणा के तुरंत बाद टिप्पणी की थी कि एक रूसी प्रतिनिधिमंडल बेलारूस आ गया है जो गोमेल शहर में यूक्रेन के साथ बातचीत करने के लिए तैयार होगा। राष्ट्रपति ने कहा कि यूक्रेन रूस के साथ बातचीत के लिए तैयार है लेकिन बेलारूस कोई विकल्प नहीं है क्योंकि रूस अपने कुछ हमलों को बेलारूस से अंजाम दे रहा है। उन्होंने कहा, "हम मिन्स्क को नहीं कह रहे हैं। अन्य शहर मिलने की जगह हो सकती है।"

https://twitter.com/ANI/status/1498199700251754496?s=20&t=Eg4d1a4C9Fqh2Oa8pVYWNg

जेलेंस्की ने कहा था कि यूक्रेन पर हमला करने के लिए रूस को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से बाहर का रास्ता भी दिखाया जाना चाहिए। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन पर रूस का आक्रमण नरसंहार की दिशा में उठा गया कदम है। रूस ने बुराई का रास्ता चुना है और दुनिया को उसे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से बाहर कर देना चाहिए। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय युद्ध अपराध अधिकरण को यूक्रेन के शहरों पर रूस के हमलों की जांच करनी चाहिए। इतना ही नहीं उन्होंने रूसी हमले को स्टेट स्पांसर टेरररिज्म करार दिया। बता दें कि रूस सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्यों में से एक है, जिसके चलते उसके पास प्रस्तावों को वीटो करने की शक्ति है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)