प्रदेश Featured

वृंदावन से आए मशहूर चित्रकार ने सीएम हेमंत सोरेन को दिया अनोखा उपहार, सीएम ने भी किया सम्मानित

रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन (Hemant soren) से सोमवार को वृंदावन से आये प्रख्यात कलाकार (चित्रकार) पद्मश्री कृष्ण कन्हाई ने मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन (Hemant soren) को खुद से बनाई उनकी और पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य सभा सांसद शिबू सोरेन की पोर्ट्रेट पेंटिंग भेंट की। मुख्यमंत्री ने इस खूबसूरत पेंटिंग के लिए उन्हें धन्यवाद दिया और अंग वस्त्र तथा मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना सोरेन और विधायक जय मंगल सिंह भी मौजूद थे।

ये भी पढ़ें..अर्जुन सिंह के भाजपा छोड़ने पर बोले दिलीप घोष, हमने पहले...

पिता-पुत्र को मिल चुका है पद्मश्री-

कृष्ण कन्हाई ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके पिता कन्हाई भी प्रख्यात चित्रकार रहे हैं। उन्हें वर्ष 2000 में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है और उन्हें भी वर्ष 2004 में पद्मश्री से नवाजा गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप दोनों को कला के क्षेत्र में पद्मश्री पुरस्कार मिलना गौरव की बात है।

संसद के सेंट्रल हॉल में भी लगी है पेंटिंग-

कन्हाई ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन (Hemant soren) को बताया कि संसद के सेंट्रल हॉल में उनके द्वारा निर्मित पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी बाजपेई की पोर्ट्रेट पेंटिंग लगी हुई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधानसभा में 58 पेंटिंग्स को जगह मिली है। इसमें 22 पेंटिंग्स उत्तर प्रदेश के विभिन्न मुख्यमंत्रियों की हैं। गुजरात में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के म्यूजियम में सरदार बल्लभ भाई पटेल और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बनाई गई पेंटिंग को लगाया गया है।

मिल चुके हैं कई पुरस्कार और सम्मान-

कृष्ण कन्हाई को कला क्षेत्र में अहम योगदान के लिए कई पुरस्कार और सम्मान मिल चुके हैं। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा उन्हें कालिदास सम्मान (2009) और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा यश भारती पुरस्कार (2015) से नवाजा जा चुका है। लंदन के वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (2020) में उनका नाम दर्ज है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय फोर्ब्स मैगजीन (2015) में भी उनके कला के क्षेत्र में योगदान पर आलेख प्रकाशित हो चुका है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)