Maharashtra Rain: मुंबई में भारी बारिश, मकान ढहने से बच्ची की मौत, रत्नागिरी में बाढ़, रेड अलर्ट

19

mumbai-rains

मुंबईः मुंबई में भारी बारिश (maharashtra rain) हो रही है। बुधवार सुबह एक मकान ढह जाने से पांच साल की बच्ची की मौत हो गई। हादसा मुंबई के पश्चिमी भांडुप क्षेत्र में बुधवार तड़के 3 बजे हुआ। बीएमसी के अनुसार, मुंबई के पश्चिम भांडुप क्षेत्र में एक पांच मंजिला इमारत ढह गई, जिसमें पांच साल की बच्ची तसीन शेख की मौत हो गई। वह अपने परिवार के साथ इमारत के तीसरे मंजिल में रहती थी।

मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र (maharashtra rain) में सोमवार से हो रही लगातार बारिश के कारण राज्य की कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। इसके कारण रायगढ़, रत्नागिरी, गढ़चिरौली, चंद्रपुर जिलों के सैकड़ों गांवों का संपर्क टूट गया है। राज्य सरकार ने नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने का आदेश जारी किया है। मौसम विभाग ने पालघर, ठाणे, मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, पुणे, सतारा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया और यवतमाल जैसे 11 जिलों को रेड अलर्ट दिया है।

बदलापुर में रेलवे ट्रैक पर भरा पानी

भारी बारिश के कारण मुंबई से सटे बदलापुर में रेलवे ट्रैक जलमग्न हो गए हैं, जिससे मध्य रेलवे की लोकल सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, जबकि पश्चिमी रेलवे की लोकल सेवाएं धीमी गति से चल रही हैं। मुंबई में भारी बारिश (maharashtra rain) के कारण लालबाग, परेल, गांधी मार्केट, सायन, मिलन सबवे, अंधेरी सबवे आदि इलाकों में जलभराव हो गया है। मुंबई नगर निगम के कर्मचारी पंपिंग की मदद से जल निकासी का काम कर रहे हैं। कोंकण, विदर्भ में नदियों का जलस्तर बढ़ने के बाद उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार ने अधिकारियों को आपातकालीन व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया है।

ये भी पढ़ें..पुलिस को 11 महीने में तीसरी बार मिली 26/11 जैसे हमले की धमकी, PM…

गढ़चिरौली में बाढ़, स्कूलों में छुट्टी

सोमवार से हो रही भारी बारिश (maharashtra rain) के कारण गढ़चिरौली जिले के अधिकांश हिस्सों में बाढ़ आ गई है। यहां पर्लकोटा नदी में बाढ़ आ गई है और भामरागढ़ गांव में बाढ़ का पानी घुस गया है। इस गांव का बाजार और आवासीय घर पानी में डूब गए हैं। इलाके के 100 गांवों का संपर्क टूट गया है। प्रशासन की ओर से नागरिकों को अलर्ट कर दिया गया है और बारिश के कारण स्कूलों में भी छुट्टी कर दी गई है। इसी तरह चंद्रपुर जिले में भी नदियों के उफान से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।

खतरे के निशान से ऊपर बह रही नदियां

कोंकण में बारिश का कहर (maharashtra rain) सोमवार से ही जारी है। रायगढ़ जिले में अंबा और वशिष्ठी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इसके चलते नदी का पानी महाड और अन्य शहरों में घुस गया है। रसायनी पुलिस थाने में बारिश का पानी घुस गया है, जिससे पुलिसकर्मियों का कल रात से ही बुरा हाल है। इसके साथ ही रत्नागिरी में जगबुडी नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। इसके कारण नदी का पानी खेड़, चिपलून शहर में दुकानों और आवासीय घरों में घुस गया है। नदी के आसपास के सैकड़ों घरों का भी संपर्क टूट गया है। रत्नागिरी के जिलाधिकारी योगेश हुमसे ने नदी के पास रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है। यहां भी स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)