देश के इन हिस्सों में गरज के साथ होगी बारिश, उत्तर प्रदेश में गिरेगा तापमान

35
rain
rain

कानपुर: अगले चौबीस घंटों के दौरान रॉयलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार के दक्षिणी द्वीपों में भी एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। यह बातें रविवार को चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पाण्डेय ने कही।

उन्होंने बताया कि तटीय कर्नाटक में हल्की बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर मध्यम बारिश संभव है। दक्षिण तेलंगाना में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश संभव है। उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों के साथ ही कानपुर मण्डल सहित पूरे उत्तर प्रदेश में दिन और रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 27.8 और न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 65 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 44 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 5.2 किमी प्रति घंटा रही। भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में साफ आसमान रहने के आसार हैं किन्तु वर्षा की कोई संभावना नहीं है।

देशभर में बनी मौसम प्रणाली –

बताया कि गहरे निम्न दबाव का क्षेत्र अब दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा उत्तर तटीय तमिलनाडु के आसपास है। इससे जुड़ा हुआ चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 7.6 मीटर ऊपर तक फैला हुआ है। इसके उत्तर तमिलनाडु और केरल होते हुए पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने और कम दबाव वाले क्षेत्र के रूप में दक्षिणपूर्व और इससे सटे पूर्वी मध्य अरब सागर में उभरने की उम्मीद है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ 13 नवंबर से पश्चिमी हिमालय के पास पहुंचेगा। 16 नवंबर के आसपास दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें