दो दिन तक झुलसाएंगे लू के थपेड़े, फिर बादल आने से मिलेगी कुछ राहत

0
67

लखनऊः उत्तरी पाकिस्तान में भले ही पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ हो लेकिन मैदानी क्षेत्र राजधानी लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश में गर्मी से लोगों को फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है। सोमवार को तो उत्तर प्रदेश का झांसी शहर 43.1 डिग्री सेल्सियस के साथ देश के पांच सबसे अधिक गर्म शहरों में शुमार हो गया और चौथे स्थान पर रहा। वहीं राजस्थान का बीकानेर 44.2 डिग्री सेल्सियस के साथ देश के सबसे अधिक गर्म शहरों में प्रथम स्थान पर रहा। चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के कृषि मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के इलाकों पर बना हुआ है।

उत्तर पश्चिमी राजस्थान से सटे इलाकों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। विदर्भ से तेलंगाना होते हुए आंतरिक कर्नाटक तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण अरब सागर के मध्य भाग पर बना हुआ है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र आंध्र प्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु तट के पास दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य भागों पर बना हुआ है। इससे आने वाले दिनों में संभावना है कि आसमान में बादल छाएंगे और लोगों कुछ दिनों के लिए गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सकती है। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि कानपुर में आज का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 63 प्रतिशत और सापेक्षिक आर्द्रता न्यूनतम 22 प्रतिशत रही। हवा की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 2.9 किमी प्रति घंटा रही।

ये भी पढ़ें..सर्विस लेन से हाइवे पर चढ़ रही कार को जीप ने…

भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आसमान मे हल्के बादल छाए रहने के साथ ही तापमान बढ़ने के साथ गर्मी भी बढ़ने के आसार हैं लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। अतः किसानों को सलाह दी जाती है कि वे गर्मी की लहर बचाव के लिए सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच खेतों पर कोई कार्य न करें तथा फसलों में हल्की सिंचाई 10 -12 दिन के अन्तराल पर सायं काल के समय करें। पशुओं को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चरने लिए बाहर न छोड़े। पशुओं को सुबह-शाम नहलायें। रबी की परिपक्व फसलों की कटाई एवं मडाई के कार्य के लिए मौसम अनुकूल है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)