Haryana Congress Manifesto: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने शनिवार को अपना घोषणापत्र जारी किया। कांग्रेस के 40 पन्नों के घोषणापत्र में पार्टी ने लोगों को 25 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज और महिलाओं को हर महीने दो हजार रुपये देने का वादा किया है।
इसके अलावा किसानों को सतलुज-यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर से पानी देने का वादा किया गया है। इससे सात दिन पहले ही कांग्रेस ने दिल्ली में हरियाणा के लोगों के लिए सात गारंटी का ऐलान किया था। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में इसे सात वादे पक्के इरादे के नाम से जारी किया गया था।
ये भी पढ़ेंः- कांग्रेस आज भी सर्जिकल स्ट्राइक के मांगती है सबूत है- जम्मू में जमकर बरसे PM मोदी
कांग्रेस ने घोषणापत्र में खोला वादों का पिटारा
- शिक्षकों के खाली पदों को भरने के लिए राज्य शिक्षक चयन आयोग का गठन, श्री गुरु गोविंद सिंह जी और संत रविदास के नाम पर विश्वविद्यालय खोलना, मेवात में अलग विश्वविद्यालय स्थापित करना, इसके अलावा हर विधानसभा में महिला कॉलेज और महिला आईटीआई खोली जाएगी।
- कांग्रेस की सरकार बनने पर राजस्थान की तर्ज पर चिरंजीवी योजना के तहत 25 लाख तक के मुफ्त इलाज के लिए कैशलेस बीमा योजना लागू की जाएगी- 45 साल से अधिक उम्र के लोगों की हर साल मुफ्त जांच की जाएगी।
- इंदिरा लाडली बहन सम्मान योजना के तहत कांग्रेस 18 से 60 साल की उम्र की महिलाओं को 2000 रुपये प्रति माह देने का वादा करती है। हरियाणा में किसान आयोग बनाया जाएगा।
- एमएसपी की गारंटी के लिए कानून बनाए जाएंगे। महिला किसानों को सरकार विशेष सुविधाएं देगी। किसानों को सिंचाई के लिए एसवाईएल का पानी देने का वादा।
- कुरुक्षेत्र जिले में गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर एक विश्वविद्यालय बनाया जाएगा। हम अपने सिख समुदाय के लोगों के लिए गुरुद्वारा सिख प्रबंधन समिति के चुनाव कराएंगे। हमारी सरकार मेवात जिले में एक विश्वविद्यालय बनाने का काम करेगी। विकलांगों के लिए एक अलग बोर्ड बनाया जाएगा। सरकारी नौकरियों में विकलांगों को नौकरी देने का वादा।
- हरियाणा सरकार में कार्यरत कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाल करने का वादा।
- हरियाणा कांग्रेस मेट्रो, रेलवे लाइन, शहरों में पर्यावरण अनुकूल वातावरण बनाने का काम करेगी। पूर्वांचल के लोगों के लिए छठ घाट बनाने का वादा।
- हरियाणा में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाकर महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने का वादा। साथ ही पंजाबी समुदाय के लोगों के लिए हरियाणा पंजाबी कल्याण बोर्ड बनाया जाएगा।
- हरियाणा में परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कांग्रेस सरकार अपने बेड़े में इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसें शामिल करने का काम करेगी। कांग्रेस सरकार एक बार में दस हजार सफाई कर्मचारियों को स्थायी करने का काम करेगी।
- सीवरेज कर्मचारियों की काम के दौरान मौत होने पर उनके परिजनों को 30 लाख रुपये देने का प्रावधान। हरियाणा कांग्रेस घोषणापत्र समिति की अध्यक्ष गीता भुक्कल ने इस अवसर पर कहा कि पार्टी ने हरियाणा मांगे हिसाब यात्रा के दौरान किसान न्याय चौपाल, महिला न्याय चौपाल, दलित न्याय चौपाल से मिले सुझावों के आधार पर घोषणापत्र में वादे किए हैं।