Featured मनोरंजन

हैप्पी बर्थडेः काॅलेज में पीटने को पहुंचे लड़के तब राजकुमार राव बोले-मुंह पर मत मारना, मुझे एक्टर बनना है

मुंबईः फिल्म इंडस्ट्री में कम समय में अपने अभिनय का लोहा मनवाने वाले युवा और संजीदा अभिनेताओं में एक नाम राजकुमार राव का भी शामिल है। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता राजकुमार राव ने बॉलीवुड में बहुत कम समय में अपनी पहचान बनाई। राजकुमार का जन्म 31 अगस्त 1984 को गुड़गांव मे हुआ था। प्रारंभिक पढ़ाई गुड़गांव से पूरी करने के बाद, राजकुमार ने स्नातक की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से पूरी की। इसके बाद राजकुमार ने एफटीआई पुणे से भी पढ़ाई की और मुंबई शिफ्ट हो गए। जब राजकुमार दसवीं में थे तभी से उनके अंदर एक्टिंग का कीड़ा पलने लगा था।

जब राजकुमार राव 11 कक्षा में थे तब उन्हें एक लड़की से प्यार हो गया, लेकिन उस लड़की का एक ब्वायफ्रेंड भी था। जब उसे यह पता चला तो वह अपने कई दोस्तों के साथ राजकुमार राव को पीटने पहुंच गया। तब राजकुमार राव ने बोला कि तुम चाहे जहां भी मार लो पर मुंह पर मत मारना क्योंकि मै एक्टर बनने वाला हूं। बॉलीवुड में राजकुमार ने फिल्म ‘लव सेक्स और धोखा’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। इस फिल्म में राजकुमार के अभिनय की खूब सराहना हुई। इसके बाद राजकुमार राव को एक के बाद एक कई फिल्में मिलने लगी। राजकुमार ने बॉलीवुड में कई हिट फिल्में दी है, जिसमें रागिनी एमएमएस, शैतान, काय पो चे, शाहिद, शादी में जरूर आना, स्त्री, जजमेंटल है क्या, रूही अफजाना आदि शामिल है।

यह भी पढ़ें-कर्नाटक में भीषण सड़क हादसा, विधायक के बेटे समेत 7 लोगों...

राजकुमार को फिल्म काय पो चे के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। तो वहीं फिल्म ‘शाहिद’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला। राजकुमार राव ने बहुत ही कम समय में जहां बॉलीवुड में अपनी मजबूत पहचान बनाई हैं। वहीं राजकुमार राव ने अपने अभिनय की बदौलत दर्शकों के दिलों को भी जीता हैं। राजकुमार राव जल्द ही हर्षवर्धन कुलकर्णी की फिल्म बधाई दो में अभिनेत्री भूमि पेडनेकर के साथ लीड रोल में नजर आएंगे। इसके अलावा वह फिल्म हम दो हमारे दो में भी अभिनय करते नजर आएंगे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)