प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

UP: निकाय चुनाव में आधी आबादी ने दिखाया दम, छह महिलाएं बनीं महापौर

up-nikay-chunav लखनऊः सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार का मिशन शक्ति अभियान न सिर्फ समाज, बल्कि राजनीति में भी आधी आबादी का सपना सच कर रहा है। विधानसभा चुनाव हो या निकाय चुनाव, हर चुनावों में महिलाओं को पूरी शक्ति देकर योगी सरकार ने उन्हें गौरव प्रदान किया। यूपी के निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने महापौर पद पर छह महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था। इन सभी महिलाओं को पहला नागरिक बनने का गौरव हासिल हुआ है। महापौर चुनाव में सर्वाधिक वोट महिलाओं को ही मिले। वहीं नगर पालिका के 44 व 90 नगर पंचायतों की कमान भी महिलाओं के हाथ में आ गयी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में भारतीय जनता पार्टी से प्रत्याशी बनाई गईं अल्पसंख्यक वर्ग की हकीकुन निशा ने बाबा गंभीर नाथ वॉर्ड से 2227 वोट पाकर जीत का परचम लहराया है।

सुषमा खर्कवाल को मिले सर्वाधिक वोट तो सुनीता को सबसे बड़ी जीत

भारतीय जनता पार्टी ने इस चुनाव में महापौर की 17 में से छह सीटों पर महिलाओं को मैदान में उतारा। सभी छह सीटों पर महिलाओं ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इन महिला उम्मीदवारों के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रचार भी किया था। राजधानी लखनऊ से सुषमा खर्कवाल, गाजियाबाद से सुनीता दयाल, फिरोजाबाद से कामिनी राठौर, आगरा से हेमलता दिवाकर, कानपुर से प्रमिला पांडेय व शाहजहांपुर से अर्चना वर्मा को पहला नागरिक बनने का गौरव हासिल हुआ है। गाजियाबाद की सुनीता दयाल मेयर पद के लिए सर्वाधिक वोट मिले। सुनीता ने 2.87 लाख से अधिक वोटों से बसपा प्रत्याशी को मात दी। राजधानी लखनऊ की सुषमा खर्कवाल को पांच लाख से अधिक मत हासिल हुए। वहीं आगरा में अब तक की सबसे बड़ी जीत भी महिला उम्मीदवार को ही मिली। यहां महापौर पद की कुर्सी भाजपा की हेमलता दिवाकर को मिली है। उन्होंने बसपा उम्मीदवार को 1.08 लाख से अधिक वोटों से शिकस्त दी। कानपुर की प्रमिला पांडेय ने 1.77 लाख से ज्यादा वोटों से विजयश्री हासिल की। शाहजहांपुर जनपद की अर्चना वर्मा ने 30 हजार व फिरोजाबाद की कामिनी राठौर भी 26 हजार से अधिक वोटों से मेयर पद को हासिल कर लिया।

भाजपा की 44 महिलाओं को मिली नगर पालिका की कमान

नगर पालिका परिषद की 199 सीटों में से 198 का परिणाम आ गया। इनमें 88 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा हो गया है। 88 में से 44 सीटों पर भाजपा की महिला उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। अमेठी, उन्नाव, अमरोहा, कन्नौज, कुशीनगर, कानपुर देहात, जौनपुर, गाजीपुर, नोएडा, कासगंज, कौशांबी, गोंडा, जालौन, झांसी, देवरिया, फतेहपुर, बलरामपुर, मुजफ्फरनगर, बहराइच, ललितपुर, ललितपुर, बागपत, मैनपुरी, रामपुर, ललितपुर, सोनभद्र, बिजनौर व हाथरस की एक-एक, पीलीभीत, एटा, फिरोजाबाद, सीतापुर, बरेली, बांदा की दो-दो, बदायूं और बुलंदशहर की तीन-तीन नगर पालिका परिषद अध्यक्ष की सीटों पर महिलाओं ने जीत दर्ज की है। ये भी पढ़ें..Weather Update: जम्मू-कश्मीर में गर्मी से मिलेगी राहत, कहीं-कहीं गिरेंगी बौछारें

भाजपा की 90 महिला प्रत्याशी बनीं नगर पंचायत अध्यक्ष

इसी तरह भारतीय जनता पार्टी ने नगर पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भी आधी आबादी को मौका दिया। नगर पंचायत की 544 में से 543 सीटों पर चुनाव के नतीजे सामने आए। इनमें से 191 सीटों पर भाजपा ने प्रचंड जीत हासिल की। वहीं इनमें भी आधी आबादी का वर्चस्व देखने को मिला। 90 सीटों पर महिलाएं जीतने में कामयाब रहीं। अमेठी, अमरोहा, अयोध्या, आजमगढ़, कानपुर नगर, औरैया, पीलीभीत, कन्नौज, कौशांबी, बरेली, लखीमपुरी खीरी, संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर, बांदा, नोएडा, वाराणसी, सोनभद्र, गाजीपुर, चंदौली, बाराबंकी, भदोही, मेरठ, फर्रुखाबाद, हाथरस, हरदोई, महराजगंज जिले में एक-एक, मुरादाबाद, कासगंज, हमीरपुर, कानपुर देहात, शाहजहांपुर, जौनपुर, गोंडा, संभल, सहारनपुर में दो-दो, गोरखपुर, आगरा, देवरिया, जालौन, अलीगढ़, बस्ती, फतेहपुर, बलिया, मैनपुरी, रायबरेली, फिरोजाबाद में तीन-तीन, कुशीनगर और प्रतापगढ़ में चार, बदायूं में पांच सीटों पर भाजपा प्रत्याषियों ने ऐतिहासिक जीत दर्ज किया है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)