Fide Ranking: भारत के मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश ( Grandmaster D Gukesh) शनिवार को जारी नवीनतम फाइड क्लासिकल रेटिंग में करियर की सर्वश्रेष्ठ तीसरी रैंकिंग पर पहुंच गए, जबकि उनके हमवतन आर प्रज्ञानानंद (R Praggnanandhaa) शीर्ष 10 में वापस आ गए।
Fide Ranking: दिसंबर में जीता विश्व चैंपियंस का खिताब
दिसंबर में सिंगापुर में चीन के डिंग लिरेन को हराकर विश्व खिताब जीतने के बाद से शानदार फॉर्म में चल रहे 18 वर्षीय गुकेश ने 10 अंक हासिल किए हैं और अब उनकी रेटिंग 2787 है। गुकेश, जो विज्क आन ज़ी में टाटा स्टील मास्टर्स में टाईब्रेक में प्रज्ञानानंद से हार गए थे, दूसरे स्थान पर मौजूद हिकारू नाकामुरा (2802) से पीछे हैं। नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन (2833) दुनिया के शीर्ष रैंक वाले शतरंज खिलाड़ी बने हुए हैं।
Fide Ranking: प्रज्ञानानंद ने की टॉप-10 में वापसी
भारतीय ग्रैंडमास्टर ने हमवतन अर्जुन अरिघियासी और यूएसए के फैबियानो कारूआना को पीछे छोड़ दिया है। लंबे समय तक सर्वोच्च रैंकिंग वाले भारतीय रहे अरिघियासी 2777 की रेटिंग के साथ पांचवें स्थान पर खिसक गए हैं। प्राग मास्टर्स में भाग ले रहे प्रज्ञानानंद टाटा स्टील मास्टर्स में अपनी जीत की बदौलत पिछले साल जुलाई के बाद पहली बार टॉप-10 में वापस आ गए हैं।
ये भी पढ़ेंः- Ranji Trophy Final: रणजी फाइनल में करुण नायर ने मचाया कोहराम, जड़ा सीजन का 9वां शतक
17 अंक हासिल करने के बाद वह आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग 2758 है। कोनेरू हम्पी महिलाओं की सूची में शीर्ष 10 में एकमात्र भारतीय बनी हुई हैं, जो 2528 की रेटिंग के साथ छठे स्थान पर हैं, जबकि आर वैशाली (2484) और हरिका द्रोणावल्ली (2483) क्रमशः 14वें और 16वें स्थान पर हैं।