उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण कम होने के बावजूद सरकार सतर्क, 13 से 27 मार्च तक चलेगा फोकस टेस्टिंग अभियान

29

लखनऊः प्रदेश में कोरोना संक्रमण निचले स्तर पर पहुंचने के बावजूद राज्य सरकार बेहद सतर्कता बरत रही है। इसी कड़ी में होली पर्व से पहले 13 से 27 मार्च तक एक बार फिर फोकस टेस्टिंग अभियान चलाया जाएगा। इसमें ऐसे लोगों की तलाश की जाएगी, जिनके कारण अभी भी संक्रमण फैलने का ज्यादा खतरा है।

अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में आज भी कोरोना टीकाकरण का कार्य चल रहा है। आज भी 2,300 से अधिक केन्द्रों पर यह कार्य चल रहा है। अब तक 60,000 से अधिक लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। प्रदेश में स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स, 60 वर्ष से अधिक बुजुर्ग व्यक्तियों आदि को मिलाकर 19 लाख से अधिक वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों में प्रत्येक सोमवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को टीकाकरण का कार्य चल रहा है। लोग इसके लिए अपना स्लॉट बुक करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले चौबीस घंटे में कोरोना संक्रमण के 128 नये मामले सामने आये हैं। इसी दौरान 139 मरीज स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किए गए। राज्य में फिर नये मरीजों की तुलना में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या अधिक चल रही है।

यह भी पढ़ें-मांझी बोले- महेश गागड़ा माफी मांगे अन्यथा हर ग्राम पंचायत में…

उन्होंने बताया कि राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 2,017 हो गई है। कुल सक्रिय मामलों में से 685 लोग होम आइसोलेशन में रहकर अपना इलाज कर रहे हैं। वहीं 124 मरीज निजी अस्पतालों व शेष लोग राज्य सरकार के एल-2 व एल-3 स्तर के अस्पतालों में भर्ती हैं। प्रदेश में एक दिन में कुल 1,18,923 सैम्पल की जांच की गयी। वहीं अब तक कुल 3,18,68,690 सैम्पल की जांच की गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 5,93,288 लोग कोविड-19 से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। वहीं संक्रमण से अब तक 8,729 मरीजों की मौत हुई है। बीते चौबीस घंटे में किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है।