बिहार

भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की 137वीं जयंती पर राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

पटनाः भारत के प्रथम राष्ट्रपति भारतरत्न डॉ राजेन्द्र प्रसाद की आज 137वीं जयंती है। इस मौके पर शुक्रवार को राज्यपाल फागू चौहान एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजकीय समारोह में राजेन्द्र चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। माल्यार्पण के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने स्वदेशी कंबल आश्रम की चरखा कात रही महिलाओं के बीच साड़ी वितरण कर उन्हें प्रोत्साहित भी किया। राजेन्द्र चौक से राज्यपाल फागू चौहान और मुख्यमंत्री ने राजेन्द्र घाट पहुंचकर राजेन्द्र प्रसाद की समाधि स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

ये भी पढ़ें..लखनऊ : दारोगा को पीटने वाले सुप्रीम कोर्ट के वकील सहित चार युवक गिरफ्तार

बता दें कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास का जब भी कोई जिक्र होता है तो डॉ. राजेंद्र प्रसाद का नाम सबसे ऊपर हमेशा आता है। डॉ राजेन्द्र प्रसाद भारत के प्रथम राष्ट्रपति और महान भारतीय स्वतंत्रता सेनानी थे। वे भारतीय स्वाधीनता आंदोलन के प्रमुख नेताओं में से थे और उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में प्रमुख भूमिका निभाई थी।

उनकी जयंती के अवसर पर उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डे, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री रामप्रीत पासवान, खान एवं भूतत्व मंत्री जनक राम, परिवहन मंत्री शीला कुमारी, विधायक अरुण कुमार सिन्हा, विधायक संजीव चौरसिया, विधान पार्षद कुमुद वर्मा, राज्य नागरिक परिषद के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार सिंह सहित अन्य सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेन्द्र प्रसाद को नमन कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)