देश Featured

Himachal Pradesh: ODOP को बढ़ावा देगी सुक्खू सरकार, राज्य में बनेगा यूनिटी माॅल

sukhvinder-singh-sukhu-sm-himachal-pradesh शिमला : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार राज्य के अनूठे उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है। एक जिला एक उत्पाद (ODOP) पहल इस उद्देश्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस अवधारणा को लागू करने के लिए राज्य में यूनिटी मॉल स्थापित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य देश के सभी जिलों में संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देना है। राज्य में समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए प्रत्येक जिले से एक उत्पाद का चयन, ब्रांडिंग और प्रचार किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मौजूदा ईकोसिस्टम को ध्यान में रखते हुए उत्पादों का चयन किया जाएगा। इस पहल में राज्य और जिला स्तर पर प्रदर्शनियां, क्षमता निर्माण आदि जैसी गतिविधियां भी शामिल हैं। राज्य के जीआई-टैग किए गए उत्पाद, हस्तशिल्प उत्पाद और अन्य राज्यों के हस्तशिल्प उत्पाद एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे।

ब्रांडिंग पर जोरी देगी सरकार -

CM ने कहा कि हिमाचली शिल्प की अपनी एक विशेष पहचान है। राज्य में उपलब्ध विभिन्न प्रकार के हस्तशिल्पों में लकड़ी की नक्काशी, चमड़े की कढ़ाई, धातु के बर्तन, कालीन, पेंटिंग और ऊनी वस्त्र शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में पाई जाने वाली हस्तशिल्प की विस्तृत श्रृंखला अद्वितीय है जो शिल्पकारों के कलात्मक कौशल को दर्शाती है, इसलिए इसकी ब्रांडिंग पर विशेष बल दिया जा रहा है। ये भी पढ़ें..Himachal: आभार रैली को सफल बनाने में जुटे कांग्रेसी, इस दिन होगा कार्यक्रम

विदेशी मेहमानों ने की थी सराहना -

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के शिल्पों की अतुलनीय सुंदरता और विविधता लोगों के दिलों में अमिट छाप छोड़ती है। इनमें कुल्लू शॉल, कांगड़ा चाय, हिमाचली चुल्ली तेल, हिमाचली काला जीरा, चंबा रुमाल, किन्नौरी और कुल्लू शॉल और कांगड़ा पेंटिंग और कई अन्य उत्पाद शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश के लोगों ने वर्षों से हस्तशिल्प की समृद्ध परंपराओं को विकसित किया है, जो रचनात्मक और विशिष्ट हैं। राज्य सरकार ने 19 और 20 अप्रैल, 2023 को धर्मशाला में जी-20 शिखर सम्मेलन का सफल आयोजन किया, जिसमें प्रदर्शित राज्य के उत्पादों की विदेशी प्रतिनिधियों ने खूब सराहना की। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)