देश Featured दिल्ली राजनीति

Gandhi Jayanti 2023: बापू और शास्त्री की जयंती पर पीएम मोदी समेत नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

pm-modi Gandhi Jayanti 2023 - नई दिल्लीः आज पूरा देश राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर याद कर रहा है। महात्मा गांधी का जन्म 2 अक्टूबर 1869 को और पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री का जन्म 2 अक्टूबर 1904 को हुआ था। महात्मा गांधी की 154वीं जयंती के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने भी बापू और पूर्व प्रधानमंत्री को उनके जन्मदिन पर याद कर श्रद्धांजलि दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट पहुंचकर बापू को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी राजघाट पहुंचे और बापू को श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने ट्विटर पर एक पोस्ट में कहा, 'गांधी जयंती के खास मौके पर मैं महात्मा गांधी को सलाम करता हूं। उनकी कालजयी शिक्षाएं हमारा पथ आलोकित करती रहती हैं। महात्मा गांधी का प्रभाव वैश्विक है, जो समस्त मानव जाति को एकता और करुणा की भावना को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करता है। हम सदैव उनके सपनों को पूरा करने की दिशा में काम करते रहें। ये भी पढ़ें..Lal Bahadur Shastri Jayanti 2023: 17 साल की उम्र में गए जेल, जानें लाल बहादुर शास्त्री से जुड़ीं बातें इसके बाद प्रधानमंत्री ने विजय घाट पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। मोदी ने ट्विटर पर एक पोस्ट में कहा, लाल बहादुर शास्त्री जी को उनकी जयंती पर याद कर रहा हूं। उनकी सादगी, राष्ट्र के प्रति समर्पण और 'जय जवान, जय किसान' का प्रतिष्ठित आह्वान आज भी गूंजता है और पीढ़ियों को प्रेरित करता है। मोदी ने कहा, भारत की प्रगति के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता और चुनौतीपूर्ण समय में उनका नेतृत्व अनुकरणीय है। हम हमेशा मजबूत भारत के उनके दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में काम करते रहेंगे।'

बापू को राष्ट्रपति मुर्मू ने भी दी श्रद्धांजलि

वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महात्मा गांधी की 154वीं जयंती पर राजघाट पहुंचीं और महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज सुबह 7 बजे राजघाट पहुंचे। यहां उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। राहुल गांधी ने ट्विटर पर एक पोस्ट में कहा, सत्य, अहिंसा और सद्भाव का मार्ग, भारत को एकजुट करने का मार्ग, महात्मा गांधी ने दिखाया था। बापू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। उन्होंने देश के लिए उनके योगदान को याद करते हुए महात्मा को श्रद्धांजलि देने के लिए उनकी भारत जोड़ो यात्रा और बापू के जीवन से एक मिनट से अधिक का एक वीडियो भी संलग्न किया। वीडियो में राहुल गांधी ने कहा, भारत जोड़ो यात्रा के पीछे का विचार महात्मा गांधी का था। यह मार्ग भारत को महात्मा गांधी ने दिया था। उन्होंने भारत को एकजुट करने का काम किया। एक बहादुर व्यक्ति, एक सरल व्यक्ति, एक विनम्र व्यक्ति, लेकिन एक ऐसा व्यक्ति जो भविष्य में विश्वास करता था, जो भारत में विश्वास करता था। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करे)