प्रदेश दिल्ली क्राइम

दिल्ली में ट्रैक्टर जलाने के मामले में चार और कांग्रेसी गिरफ्तार

 

नई दिल्ली:  संसद द्वारा पारित किए गए कृषि कानून के विरोध में कांग्रेस नेताओं द्वारा इंडिया गेट के पास ट्रैक्टर जलाने की घटना सामने आई थी। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया था। अब पंजाब युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बरिंदर सिंह ढिल्लो सहित चार और लोगों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिन चार अन्य को गिरफ्तार किया गया है, वे हरीश पंवार और अब्राहम रॉय मणि (दोनों अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव) और एआईवाईसी के सचिव व पंजाब युवा कांग्रेस के प्रभारी बंटी (ऋषिकेश) शेल्के हैं।

पुलिस के अनुसार, तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन में कानून की विभिन्न धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत गैर-जमानती धारा भी शामिल है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों पर आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 188, महामारी रोग अधिनियम और आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें- बाबरी विध्वंस केस : BJP के इन बड़े नेताओं को हो सकती है सजा, हाई अलर्ट जारी

दिल्ली पुलिस के अनुसार, कृषि विधेयकों के विरोध में कथित रूप से पंजाब युवा कांग्रेस के लगभग 15-20 अज्ञात व्यक्ति सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में इंडिया गेट से कुछ दूरी पर ट्रैक्टर लेकर पहुंचे और इसे आग के हवाले कर दिया। बाद में आग पर काबू पा लिया गया और ट्रैक्टर को पुलिस ने मौके से हटा दिया।