प्रदेश उत्तर प्रदेश क्राइम

केन नदी में डूबने से चार बच्चों की मौत, महालक्ष्मी पर्व के दौरान हुई दर्दनाक घटना

लखनऊः उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद में मंगलवार को दो अलग-अलग घटनाओं में केन नदी में डूबकर चार बच्चों की मौत हो गई। इनमें से दो बच्चे सगे भाई बहन हैं। नदी में डूबे चारों बच्चों के शव बरामद हो चुके हैं। शवों को ढूंढने के लिए गोताखोरों की मदद ली गई थी। मिली जानकारी के अनुसार घटना गिरवां थाना क्षेत्र के कोलावल रायपुर गांव में हुई। इसी गांव की महिलाएं महालक्ष्मी पर्व पर आज नदी स्नान करने गई थी। उनके साथ बच्चे भी नदी में नहाने गए थे।

इसी दौरान नहाते समय बाबूराम निवासी ग्राम कोलावल रायपुर के दो बच्चे उमेश (15) सीता (13) तथा रामफल का सात वर्षीय पुत्र सूरज उर्फ छोटू अचानक पानी में डूबने लगे। जिन्हें बचाने की महिलाओं ने कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते तीनों पानी में डूब गए। जिससे गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एसडीएम तहसीलदार अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी पहुंचे और जाल डलवा कर बच्चों को ढूंढने की कोशिश की। कई घंटों बाद बाबूराम के दोनों बच्चे उमेश व सीता के शव बरामद हो गए, जो सगे भाई-बहन हैं। जबकि घटना के दो घंटे बाद छोटू का भी शव बरामद हो गया। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।

यह भी पढ़ें-दिलीप घोष पर हमले के संबंध में आठ गिरफ्तार, भाजपा ने...

वहीं, दूसरी तरफ बिसंडा थाना क्षेत्र के इटरा मिलौली गांव में हरी प्रसाद साहू की आठ वर्षीय बेटी अमृता साहू छोटी नदी में डूब गई। यह भी गांव की अन्य महिलाओं के साथ नहाने गई थी। घटना के बाद घटनास्थल पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी बबेरू सियाराम ने गोताखोरों की मदद से बच्ची के शव बरामद करा लिया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)