प्रदेश बिहार Featured

लालू-नीतीश के बेहद करीबी पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह का निधन, राजनीति जगत में शोक की लहर

पटनाः बिहार सरकार के पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह का निधन हो गया है। नरेंद्र सिंह बिहार के कृषि मंत्री रहे और उनके बेटे सुमित सिंह फिलहाल नीतीश मंत्रिमंडल में मंत्री हैं। नरेंद्र सिंह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और पटना के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। इसी अस्पताल में उन्होंने सोमवार सुबह अंतिम सांस ली है। नरेंद्र सिंह के निधन की खबर सुनने के बाद राजनीतिक गलियारे में शोक है। नरेंद्र सिंह को लीवर के ऊपर गांठ की समस्या होने के बाद 29 मार्च 2022 को नई दिल्ली स्थित एम्स में उनका ऑपरेशन हुआ था।

जेपी आंदोलन से राजनीति में हुए सक्रिय
बिहार के जमुई जिले से आने वाले नरेंद्र सिंह जेपी आंदोलन के वक्त से राजनीति में सक्रिय हुए। उन्होंने कई बार यहां के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व किया। नीतीश सरकार में अलग-अलग विभागों के मंत्री भी रहे। लालू प्रसाद यादव से लेकर नीतीश कुमार तक के साथ उन्होंने सियासत की नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में वह मंत्री भी बने, लेकिन बाद में पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के साथ चले गये। राजपूत समाज से आने वाले नरेंद्र सिंह का राजपूत बिरादरी की राजनीति में विशेष प्रभाव था। उनके निधन की खबर से पैतृक जिले जमुई में भी शोक है। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने नरेंद्र सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। नरेंद्र सिंह को एक राजनैतिक योद्धा बताते हुए जीतन राम मांझी ने कहा है कि उनकी कमी बिहार के राजनीतिक जगत को हमेशा खलेगी।

ये भी पढ़ें..बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा, तीन महिलाओं की मौत, 11 घायल

लालू यादव और नीतीश कुमार के साथ नरेंद्र सिंह आपातकाल के समय से ही जुड़े थे। धीरे-धीरे उन्होंने अपनी राजनीति जीवन को गति दी और अपने जीवन में बिहार में सक्रिय राजनीति करते रहे। लालू यादव और नीतीश कुमार के बीच उपजे विवाद के बाद उन्होंने नीतीश कुमार का साथ दिया। बिहार की राजनीति में ऐसा कहा जाता है कि नरेंद्र सिंह उन कुछ खास लोगों में रहे जिन्होंने नीतीश कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने के लिए लम्बा संघर्ष किया। वर्ष 2005 में नीतीश कुमार के बिहार के मुख्यमंत्री बनने के बाद नरेंद्र सिंह भी उनके साथ रहे। बाद में वह नीतीश सरकार में कृषि मंत्री भी रहे। 2020 में जब जदयू ने नरेंद्र के दोनों बेटों को टिकट नहीं दिया तब उन्होंने अपने बेटे सुमित ने निर्दलीय उतारा और जीत हासिल की।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…