पूर्व मुख्यमंत्री बोलीं- 2029 तक दुनिया का सुपरपावर बनेगा भारत

0
38

हमीरपुर: मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमाभारती ने सोमवार को सरीला में भाजपा प्रत्याशी मनीषा अनुरागी के पक्ष में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद समूचे विश्व की सोच में परिवर्तन आया है। यही कारण है कि विदेशी नेता भी नरेंद्र मोदी जैसा बनने की बात करते हैं। केंद व प्रदेश की सरकार नागरिकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए कार्य कर रही है और इसीलिए 2029 तक भारत दुनिया का सुपर पावर बन जाएगा । इस दौरान देश को मजबूत बनाने के लिये जहाँ भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मतदान की बात कही तो वही सपा बसपा कांग्रेस पर भी परोक्ष रूप से हमलावर रहीं।

सरीला नगर के राजा महिपाल सिंह क्रीड़ा स्थल पर आयोजित जनसभा में मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री व स्टार प्रचारक उमा भारती ने कहा कि श्रीराम हमारी आस्था हैं तो गरीबों के लिए रोटी रोजगार मुहैया कराना भी हमारी प्राथमिकता है उन्होंने कहा कि पहले मुगल आक्रांताओं ने हमारी आस्था पर हमला किया। अंग्रेजों ने हमारी बुद्धि व विचारों पर हमला किया, जिससे लोगों में यह धारणा पैदा हो गई कि विदेशी सोच के बगैर विकास संभव नहीं है, मगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सोच को बदलते हुए देशी सोच के आधार पर कार्य करने का निर्णय लिया और उसी का नतीजा है कि विदेशी नेता भी अब नरेंद्र मोदी जैसा बनने की बात करने लगे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यहाँ के किसानों को बिजली बीज और खाद समय पर मिल जाये तो वह किसी मदद के मोहताज नहीं रहेंगे और इसकी पूर्ति वर्तमान सरकार कर रही है। वहीं सपा पर हमलावर होते हुए पिछले कार्यकाल की याद दिलाते हुए कहा कि पिछली सरकारों में महिलाएं सुरक्षित नहीं थीं और उनके नेताओं ने जमीनों पर कब्जा कराने का कार्य किया।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आप लोग चूक गए तो पुनः आपको उसी स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कांगेस के पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने कहा था कि मैं दुर्घटना से हिन्दू बना हूँ और अब भारत ने एक ऐसा प्रधानमंत्री देखा है जो रामलला के साथ साष्टांग दंडवत करता है।

यह भी पढ़ेंः-पीएम मोदी बोले- भाजपा गठबंधन सत्ता में आया तो पंजाब में प्रारंभ होगा विकास का नया अध्याय

सपा-बसपा के साथ ही प्रियंका गांधी का नाम लिए बगैर ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बहन जी चुनाव के समय अचानक प्रगट हो गई हैं। इन पर भरोसा करना उचित नहीं है। कर्नाटक की घटना को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण साजिश कहा। उन्होंने कहा कि हम देश का विकास व लोगों की सुरक्षा के साथ नागरिकों की जरूरतों को पूरा करने पर ध्यान दे रहे हैं। यही कारण है कि सन 2029 आते-आते भारत दुनिया का सुपर पावर बन जायेगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)