
रांचीः देश के पांच राज्यों के चुनाव परिणाम आने के बाद झारखंड की राजनीति ने शुक्रवार को बड़ी करवट ली। सुदेश महतो की पार्टी आजसू के नेतृत्व में तीसरे मोर्चे का गठन किया गया है। राज्य के पांच विधायकों ने एक साथ मिलकर झारखंड लोकतांत्रित मोर्चा का गठन किया है। इसमें आजसू पार्टी के दो विधायक, एनसीपी के एक विधायक तथा दो निर्दलीय विधायक शामिल हैं। आजसू सुप्रीमों सुदेश महतो को विधायक दल का नेता बनाया गया।
ये भी पढ़ें..विधानसभा से दो विधायकों के निलंबन को लेकर राज्यपाल से मिले भाजपा प्रतिनिधि
मोर्चे को जी-5 दिया नाम
बता दें कि इस गठन में आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, विधायक लंबोदर महतो, एनसीपी विधायक कमलेश सिंह, निर्दलीय विधायक सरयू राय तथा अमित यादव मोर्चा का हिस्सा होंगे। यह मोर्चा सुदेश महतो के नेतृत्व में काम करेगा। इसे जी-5 नाम दिया गया है। शुक्रवार को मोर्चा की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुदेश महतो ने कहा कि अमित यादव इसके मुख्य सचेतक होंगे। विधानसभा में मोर्चा के सभी विधायक एक साथ बैठेंगे। इनके बैठने के लिए अलग व्यवस्था करने की मांग स्पीकर से की जाएगी। इसके लिए सोमवार को मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल स्पीकर से मिलेगा। सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड लोकतांत्रिक मोर्चा एक साथ मिलकर विधानसभा में राज्य हित के सवाल पर अपनी आवाज उठाएगा।
एक साथ कई लक्ष्य साधने की तैयारी
मोर्चा के लोगों ने अभी चुनाव एक साथ लड़ने पर कोई निर्णय नहीं किया है। विधायक सरयू राय ने कहा कि सुदेश महतो अधिकृत तौर पर मोर्चा का नेतृत्व करेंगे। राजनीतिक जानकारों की माने तो इस राजनीतिक मोर्चाबंदी से एक साथ कई लक्ष्य को साधने की तैयारी है। इसे तहत अगर यह लोग एक साथ पांच रहेंगे तो सरकार पर दबाव बना सकेंगे। राज्यसभा के चुनाव में इनकी अहम भूमिका होगी। सरयू और सुदेश की जोड़ी अब एक साथ राजनीति में आने से राज्य में नए समीकरण बन सकते हैं।
सरयू राय ने पिछले विधानसभा चुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास को हराया था। मोर्चा के सभी नेताओं ने कहा कि इस मोर्चे का निर्माण प्रदेश के कल्याण के लिए किया गया है। सदन में भी साथ रहेंगे, बाहर भी, सब ठीक रहा तो 2024 में भी साथ रहेंगे। निर्दलीय विधायक सरयू राय ने बताया कि मोर्चे के विधायक दल का नेता आजसू प्रमुख सुदेश महतो को बनाया गया है. वहीं सचेतक निर्दलीय विधायक अमित यादव को बनाया गया है।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)