Indian Women In Forbes List 2023: दुनिया के बिजनेस जगत में भी भारतीय महिलाओं का दबदबा बना हुआ है। दरअसल बिजनेस मैगजीन फोर्ब्स ने दुनिया की सबसे शक्तिशाली महिलाओं की अपनी वार्षिक सूची जारी की है। इस लिस्ट में भारत की चार ताकतवर महिलाएं अपनी जगह बनाने में सफल रही हैं। फोर्ब्स की इस सूची का आधार पैसा, मीडिया और प्रभाव का क्षेत्र है। इसी आधार पर भारतीय महिलाओं ने इस जमात में अपना लोहा मनवाया है।
इस सूची में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 32वें स्थान पर हैं। जबकि तीन भारतीय महिलाएं एचसीएल कॉरपोरेशन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रोशनी नादर मल्होत्रा 60वें स्थान पर, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया की चेयरपर्सन सोमा मंडल 70वें स्थान पर और बायोकॉन की संस्थापक किरण मजूमदार-शॉ 76वें स्थान पर हैं।
मंत्री निर्मला सीतारमण
फोर्ब्स की शक्तिशाली महिलाओं की सूची में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 32वें स्थान पर हैं। यह लगातार 5वीं बार है जब निर्मला सीतारमण ने इस सूची में जगह बनाई हो। पिछले साल वह इस सूची में 36वें स्थान पर थीं, जबकि 2021 में वह 37वें स्थान पर रहीं। दरअसल इस बार रैंकिंग वैश्विक पर्यावरण में महिलाओं के योगदान, महिलाओं को शिक्षा, उनके अधिकारों के लिए काम और लैंगिक हिंसा को कम करने के आधार पर दी गई है।
ये भी पढ़ें..Revanth Reddy Oath: तेलंगाना में अब रेवंत रेड्डी राज, भट्टी बने डिप्टी सीएम
रोशनी नादर मल्होत्रा
HCL चेयरपर्सन रोशनी फोर्ब्स की सूची में दूसरी सबसे प्रभावशाली भारतीय महिलाओं में से एक हैं। उन्होंने जुलाई 2020 में HCL के अध्यक्ष का पद संभाला था। रोशनी नादर प्रसिद्ध व्यवसायी शिव नादर की बेटी हैं और कंपनी में सभी रणनीतिक निर्णयों की प्रभारी भी हैं।
सोमा मंडल (70वीं रैंक)
फोर्ब्स की लिस्ट में भारतीय महिलाओं में तीसरा नाम 60 साल की सोमा मंडल का है। वह जनवरी 2021 से स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAIL) की वर्तमान अध्यक्ष हैं, और इस पद को संभालने वाली पहली महिला भी हैं।
किरण मजूमदार-शॉ
फोर्ब्स की सूची में चौथा नाम 70 वर्षीय किरण मजूमदार-शॉ का है, जो एक प्रमुख भारतीय अरबपति स्टार हैं। उन्होंने बैंगलोर भारत में बायोकॉन लिमिटेड और बायोकॉन बायोलॉजिक्स लिमिटेड की स्थापना की और उसका नेतृत्व किया। मजूमदार शॉ को विज्ञान और रसायन विज्ञान में उनके योगदान के लिए कई पुरस्कार मिले हैं, जिसमें 2014 में ओथमार गोल्ड मेडल भी शामिल है। फोर्ब्स ने उन्हें 2019 में विश्व स्तर पर 68 वीं सबसे शक्तिशाली महिला के रूप में मान्यता दी।
हर साल जारी होती है दुनिया की सबसे शक्तिशाली महिलाओं लिस्ट
गौरतलब है कि अमेरिकी बिजनेस मैगजीन हर साल दुनिया की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची जारी करती है। फोर्ब्स अपनी रैंकिंग चार प्रमुख संकेतकों के आधार पर तय करता है, जिसमें धन, मीडिया, प्रभाव और प्रभाव क्षेत्र शामिल हैं। वहीं राजनेताओं के लिए पत्रिका ने जीडीपी और जनसंख्या को मानक बनाया है। इसके अलावा कॉरपोरेट लीडर्स के लिए रेवेन्यू वैल्यूएशन और कर्मचारियों की संख्या को मानक के तौर पर रखा गया है।
उर्सुला वॉन डेर लेयेन को फोर्ब्स ने दिया पहला स्थान
बता दें कि यूरोपीय आयोग (यूरोपीय संघ) की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन को फोर्ब्स ने पहला स्थान दिया है। उर्सुला वॉन डेर लेयेन को जुलाई 2019 में यूरोपीय संघ की कार्यकारी शाखा, यूरोपीय आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वह इस पद पर पहुंचने वाली पहली महिला हैं।
इस सूची में दूसरे स्थान पर यूरोपीय सेंट्रल बैंक की अध्यक्ष क्रिस्टीन लेगार्ड हैं, जो यूरोपीय सेंट्रल बैंक की प्रमुख बनने वाली पहली महिला बनीं। लिस्ट में तीसरे नंबर पर अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस हैं। इस सूची में इटली के प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी चौथे स्थान पर हैं।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)