प्रदेश मध्य प्रदेश Featured राजनीति

अगले साल होने वाले चुनावों के लिए कांग्रेस ने अभी से कसी कमर, बताई रणनीति

भोपाल: मध्य प्रदेश में भले ही विधानसभा के चुनाव में दो साल का वक्त हो मगर सियासी दलों ने तैयारी तेज कर दी है। भाजपा जहां बूथ विस्तारक अभियान चला रही है तो वहीं कांग्रेस भी लोगों को अपने से जोड़ने के लिए एक फरवरी से घर-घर चलो अभियान शुरू करने वाली है।

राज्य में 15 माह सत्ता में रहने के बाद कुर्सी गंवा चुकी कांग्रेस की सत्ता जाने की कसक है। यही कारण है कि पार्टी ने आगामी चुनाव के मददेनजर अभी से तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए एक फरवरी से 28 फरवरी तक घर-घर चलो अभियान चलाया जाने वाला है। बताया गया है कि 1 फरवरी 2022 से शुरू होने वाले घर चलो, घर-घर चलो अभियान में ब्लॉक स्तर तक जनता से सीधा संवाद व संपर्क होगा, साथ ही यह भी कोशिश होगी कि एक दिन में कम से कम पांच बूथों तक पहुंचा जाए।

इस आयोजन के लिए प्रदेश के सभी जिलों में जिला समन्वय समिति का गठन भी होगा, जिसमें विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक के अलावा पार्टी के पदाधिकारी होंगे। यह सभी लोग लगातार इस अभियान के तहत घर-घर पर दस्तक देंगे और वर्तमान की सरकार की खामियों के साथ कांग्रेस के शासनकाल की खूबियां बताएंगे।

यह भी पढ़ेंः-यूपी में कोरोना संक्रमण में आ रही गिरावट, 31 जनवरी तक शत-प्रतिशत लोगों को लग जाएगी पहली डोज

कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ मानते हैं कि आज की राजनीति में बुनियादी परिवर्तन आ चुका है। आज की राजनीति स्थानीय हो चुकी है। भीड़ भरी रैली, सभाओं का दौर अब जा चुका है। अब जनता से सीधे संपर्क व संवाद रखने वाला नेता ही आगे भविष्य में टिक पायेगा, हमें इस सच्चाई को समझना होगा। बगैर मजबूत संगठन के चुनाव नहीं जीत सकते हैं। मण्डल, सेक्टर और बूथ इकाईयों को मजबूत बनाना होगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)