मौसम में उतार-चढ़ाव जारी, फिर लुढ़का रात का पारा

0
55

Fluctuations in the weather continued

 

ग्वालियर: मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। मंगलवार को रात के तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि मौसम के जानकारों का कहना है कि बुधवार से दिन व रात के तापमान में वृद्धि के साथ अब ठंड का मौसम विदाई की ओर कदम बढ़ाएगा और संभवत: फरवरी अंत में गर्मी दस्तक दे देगी।

फरवरी के पहले दिन से ही मौसम शुष्क है लेकिन हवाओं की दिशा में बार-बार बदलाव के चलते तापमान आए दिन नीचे-ऊपर हो रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को भी मौसम शुष्क रहा और काफी तेज धूप निकली। साथ ही हवाओं की गति मंद रही। इस वजह से दिन के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है जबकि सोमवार-मंगलवार की रात में उत्तरी हवाएं चलने से रात का तापमान लुढ़क कर सामान्य से नीचे चला गया।

स्थानीय मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय ने बताया कि मंगलवार-बुधवार की रात में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ हिमालय में पहुंचने वाला है। इसके प्रभाव से हवाओं की दिशा बदलेगी। अब हवाएं दक्षिण व दक्षिण-पश्चिम से आएंगी। इस वजह से अगले दो से तीन दिन तक रात के साथ दिन के तापमान में भी वृद्धि होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि अब ठंड वापस लौटने की संभावना कम है। दिन के साथ अब रात में भी धीरे-धीरे ठंड का असर कम होगा। संभवत: फरवरी अंत तक ठंड की विदाई हो जाएगी और गर्मी महसूस होने लगेगी।

स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की अपेक्षा मंगलवार को अधिकतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 60 और शाम को 41 प्रतिशत दर्ज की गई।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)