Akanksha Dubey के मौत मामले में भोजपुरी सिंगर के खिलाफ FIR दर्ज, एक्ट्रेस की मां ने लगाए गंभीर आरोप

41

akanksha-dubey-death

वाराणसीः भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की मौत के मामले में सोमवार को मशहूर गायक समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने सारनाथ थाने में तहरीर देकर गायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बेटी की मौत की सूचना पर पिता छोटेलाल दुबे, चाचा मुन्ना दुबे समेत अन्य परिजन भी सारनाथ थाने पहुंचे।

एक्ट्रेस की मां मधु दुबे ने बताया कि मेरी बेटी बहुत साहसी थी। वह आत्महत्या नहीं कर सकती। उसकी हत्या की गई है। मधु दुबे का आरोप है कि आजमगढ़ निवासी भोजपुरी सिंगर समर आकांक्षा को काफी प्रताड़ित करता था। फिल्मों में काम करने के लिए उन्होंने पैसे नहीं दिए। किसी और की फिल्म या गाने में काम करने पर मारपीट करते थे। कई बार जब आकांक्षा ने उनसे पैसे मांगे तो उनका उनसे झगड़ा भी हुआ। उसने बताया कि बीते शनिवार शाम सात बजे उसकी आकांक्षा से मोबाइल पर बात हुई थी। तब वह बहुत खुश थी। उसने कोई परेशानी नहीं बताई। फिर रात 12 बजे फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।

ये भी पढ़ें..Akanksha Dubey के निधन से सदमे में काजल राघवानी, बोलीं-तुम्हारा डर…

चर्चा है कि आकांक्षा भोजपुरी सिंगर समर सिंह की करीबी थीं। वह समर सिंह के साथ वाराणसी के ताकतपुर इलाके में लिव इन रिलेशनशिप में रहती थी। गायक के दुर्व्यवहार के चलते वह काफी दिनों से उदास रहने लगी थी। एक्ट्रेस 23 मार्च को भोजपुरी फिल्म ‘लायक हूं मैं नालायक नहीं’ की शूटिंग के लिए वाराणसी आई थीं। वह फिल्म के हीरो डायरेक्टर समेत 16 लोगों की टीम के साथ सारनाथ इलाके में बुद्धा सिटी कॉलोनी स्थित एक होटल में ठहरी थी। आकांक्षा दुबे रविवार सुबह होटल के कमरे में मृत पाई गईं थीं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)