Uttarakhand: मकान में लगी भीषण आग, चार बच्चों की मौत, लापरवाही में नायब तहसीलदार सस्पेंड

27

uttarakhand

देहरादूनः जनपद के चकराता स्थित त्यूणी पुल के पास गुरुवार को आवासीय मकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में 04 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 03 लोग झुलस गए। इनमें से घायल एक महिला को हिमाचल के रोहड़ू में भेजा गया है, जबकि अन्य दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने घटना की जांच पुलिस उपमहानिरीक्षक फायर निवेदिता कुकरेती को सौंपी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। वहीं जिलाधिकारी सोनिका द्वारा राहत बचाव कार्यों में लापरवाही बरतने पर नायब तहसीलदार को निलंबित कर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को लाइन हाजिर किया गया है। जिलाधिकारी ने मृतकों के परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक कुमार ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि पुलिस उपमहानिरीक्षक फायर निवेदिता कुकरेती को जांच सौंपी गई है। जांच प्राथमिकता के आधार पर 03 दिवस के भीतर संपादित कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट में किसी भी अधिकारी-कर्मचारी की कमी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को जनपद आपदा परिचालन केन्द्र से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार शाम त्यूणी तहसील के त्यूणी मोटर पुल के समीप एक आवासीय मकान में गैस रिसाव से आग लग गई। मकान चार मंजिला व अधिकतर लकड़ी का होने के कारण आग तुरंत फैल गई। इस बीच मकान में आग बुझाते समय दो और सिलेंडर फट गए। इससे आग ने और भीषण रूप धारण कर लिया। इस दौरान मकान में चार बच्चे फंस गए, जिनकी घटना में मौत हो गई। करीब 05 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में तीन लोग घायल हुए। इनमें से घायल एक महिला को हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू में भेजा गया है। 02 अन्य घायलों को कालसी अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।

ये भी पढ़ें..जब आधी रात थाने के बाहर धरने पर बैठे दूल्हा-दुल्हन, हैरान…

मृतकों का विवरण
1. अधिरा पुत्री विकेश उम्र 5 वर्ष निवासी भाटगढ़ी।
2. सैजल पुत्री विकेश निवासी भाटगढ़ी।
3. समृधि पुत्री जयलाल उम्र 9 वर्ष निवासी विकटाड़, शिमला हिमाचल प्रदेश।
4. सोनम पुत्री त्रिलोक, उम्न 9 वर्ष निवासी त्यूणी, देहरादून।

घायलों का विवरण
1. स्वाती पुत्री विरेन्द्र सिंह उम्र 15 वर्ष निवासी डेरसा।
2. कुसुम पत्नी विकेश उम्र 23 वर्ष निवासी भाटगढ़ी।
3. आरिफ मलिक पुत्र सारिफ मलिक उम्र 37 फतेह अलापुर रोड़, निवासी मेरठ उत्तर प्रदेश।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)