Featured पंजाब हरियाणा

Farmer Protest: विरोध प्रदर्शन के बीच शंभू बार्डर पर किसान की मौत

Farmer Protest, चंडीगढ़: पंजाब के किसान संगठनों के दिल्ली कूच के आह्वान पर हरियाणा सीमा पर अंबाला के पास शंभू बॉर्डर पर जुटे किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। वहीं केंद्र सरकार और किसानों के बीच तीसरे दौर की बातचीत भी बेनतीजा रही। रविवार तक किसान शंभू बॉर्डर से आगे नहीं बढ़ेंगे। वहीं, आज किसानों ने भारत बंद का ऐलान किया है। आज बसें नहीं चलेंगी, बाजार के साथ पेट्रोल पंप भी चार घंटे बंद रहेंगे। जबकि टोल प्लाजा फ्री किए जाएंगे।

शंभू बॉर्डर पर बुजुर्ग किसान की मौत

इस बीच खबर आ रही है कि शंभू बॉर्डर पर प्रदर्शन करने आए एक किसान की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मृतक किसान की पहचान पंजाब के गुरदासपुर जिले के चाचोकी गांव निवासी ज्ञान सिंह (63) के रूप में हुई है। किसान नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल और स्वर्ण सिंह पंढेर ने कहा है कि आंदोलन में यह पहली शहादत है। किसानों के मुताबिक दो दिन पहले आंसू गैस के गोलों से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा था। तब वह ठीक हो गए थे लेकिन गुरुवार रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई। उधर किसानों के आंदोलन को देखते हुए बहादुरगढ़ में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सेक्टर 9 मोड़ पर कंक्रीट बैरिकेड्स की संख्या बढ़ा दी गई है। पहले बनी 100 फीट लंबी और 5 फीट चौड़ी दीवार का दायरा बढ़ा दिया गया है। दोपहर में इन बड़े पत्थरों के बीच कंक्रीट डाली जाएगी। ये भी पढ़ें..Farmer Protest: केंद्र और किसान संगठनों के बीच नहीं हो सकी सहमति, चौथी बैठक रविवार को

तीसरे दौरे की वार्ता भी रही बेनतीजा

पंजाब के किसान संगठनों के दिल्ली कूच के आह्वान के बाद केंद्र सरकार से चल रही तीसरे दौर की वार्ता पर भी गुरुवार रात सहमति नहीं बन सकी। अब चौथे दौर की वार्ता रविवार शाम चंडीगढ़ में होगी। तीसरे दौर की वार्ता रात करीब दो बजे तक चली। बैठक में केंद्र सरकार के प्रतिनिधि के रूप में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद रॉय शामिल हुए। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा और राज्य के अधिकारियों ने अपना पक्ष रखा। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)