फरीदाबाद : सीईओ विक्रम सिंह ने स्मार्ट सिटी कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

54

फरीदाबाद : जिला उपायुक्त व स्मार्ट सिटी के सीईओ विक्रम सिंह ने सोमवार को सेक्टर-20 स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान कार्यालय के 15 से अधिक कर्मचारी व अधिकारी अनुपस्थित पाये गये। इस पर उन्होंने तत्काल सभी कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस दौरान स्मार्ट सिटी में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त एवं सीईओ विक्रम सिंह ने कहा कि स्मार्ट सिटी के सभी चल रहे विकास कार्यों को समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि इंजीनियरिंग विंग के सभी अधिकारी व कर्मचारी विकास कार्यों की गुणवत्ता की सतत निगरानी करेंगे और उनका सतत निरीक्षण भी करेंगे। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। यदि कहीं कोई समस्या आती है तो उसकी भी तत्काल प्रभाव से जानकारी उन्हें दी जाए। बैठक में प्रत्येक परियोजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का कार्य 90 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है, उनका शेष कार्य अतिशीघ्र पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जाए। उन्होंने नगर निगम और एफएमडीए की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की।

यह भी पढ़ें-आबकारी घोटाला : राजेश जोशी को ईडी हिरासत में भेजा गया, जानें क्या है…

बैठक में उन्होंने स्मार्ट सिटी के कंट्रोल रूम की समीक्षा करते हुए वहां लगे सीसीटीवी कैमरों पर प्रतिदिन हो रहे चालानों की जानकारी ली। इस दौरान कर्मचारियों ने बताया कि पुलिस कर्मियों द्वारा प्रतिदिन 200 से अधिक चालान कंट्रोल रूम में किए जा रहे हैं। इस पर उपायुक्त विक्रम सिंह ने निर्देश दिए कि सभी सीसीटीवी कैमरों को चालू रखा जाए और यदि कोई कैमरा खराब होता है तो उसे तत्काल ठीक कराया जाए।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)