Monday, June 17, 2024
spot_img
Homeछत्तीसगढ़माता मावली की डोली व दंतेश्वरी के छत्र को दी गई विदाई,...

माता मावली की डोली व दंतेश्वरी के छत्र को दी गई विदाई, मशहूर बस्तर दशहरा का समापन

जगदलपुर: बस्तर दशहरा के अष्टमी तिथि पर मावली परघाव पूजा विधान में शामिल होने दंतेवाड़ा से यहां पंहुची माता मावली की डोली एवं दंतेश्वरी के छत्र की विदाई की गई। बताया गया कि, मंगलवार सुबह तय कार्यक्रम के अनुसार, मां दंतेश्वरी मंदिर में स्थापित माता मावली की डोली एवं मांई के छत्र की रियासतकालीन परंपरानुसार पूजा व अन्य सामग्री के अर्पण के साथ ही माता मावली की डोली एवं दंतेश्वरी के छत्र को मां दंतेश्वरी मंदिर के गर्भगृह से बाहर निकालकर मां दंतेश्वरी मंदिर के बाहर सिंहद्वार में बने विशाल मंच में रखा गया, जहां माता की आरती व पूजा विधान के साथ ही श्रद्धालुओं ने भी पुष्पांजली अर्पित कर माता मावली की डोली एवं दंतेश्वरी के छत्र को विदाई दी गई। इस दौरान श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया।

बता दें कि प्रतिवर्ष बस्तर दशहरा में राजपरिवार के सदस्यों के आमंत्रण पर माता मावली की डोली एवं मां दंतेश्वरी का छत्र जगदलपुर आती है। अष्टमी के दिन मावली परघाव में माता मावली के डोली का भव्य स्वागत किया जाता है, वहीं सभी देवी-देवताओं की विदाई के बाद अंत में माता मावली की डोली एवं दंतेश्वरी के छत्र की विदाई होती है।

ये भी पढ़ें..दीपावली से पहले सरकार ने कर्मचारियों को दिया तोहफा, सातवें वेतनमान…

सशस्त्र जवानों ने फायरिंग कर दी सलामी –

आज माता मावली की डोली एवं दंतेश्वरी के छत्र की विदाई में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने ससम्मान विदा करने पहुंचे थे। विदाई से पूर्व सशस्त्र जवानों के द्वारा हर्ष फायर कर सलामी दिये जाने की परंपरा का निर्वहन किया गया। माई की विदाई के दौरान कावड़ों में सजाकर सामग्री दी जाती है। इसमें 25 किलो चावल, 11 किलो दाल, 05 किलो घी, 08 किलो सरसों तेल, 07 किलो चिराग तेल के अलावा हल्दी, नमक मिर्च, आटा, शक्कर, गुड़, मिठाई, नारियल, अगरबती, कपूर, टिकली, सुपारी, चूड़ी फुंदरी, धूप, लाली, चंदन, आलता, आईना, कंघी व अन्य सामान के अलावा एक काला बकरा भी दिया गया। वहीं आज एक बकरा जगदलपुर स्थित माई दंतेश्वरी को तथा एक बकरा व अन्य सामग्री भण्डार देवी को समर्पित किया गया। इसके साथ ही बस्तर दशहरा का विधि विधान से समापन हो गया।

दंतेवाड़ा में स्वागत की भव्य तैयारी –

वहीं दूसरी ओर दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय में बस्तर दशहरा पर्व से शामिल होकर वापसी पर रियासत कालीन परंपरानुसार माता मावली की डोली व मां दंतेश्वरी के छत्र का भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है। 11 अक्टूबर की शाम को माता मावली की डोली व दंतेश्वरी का छत्र जगदलपुर से दंतेवाड़ा पहुंचेगी, जहां परंपरानुसार आंवरा भाटा में रेल्वे क्रासिंग के पास रात्रि विश्राम का पड़ाव लगेगा। रात्रि विश्राम स्थल के पास ही मुम्बई के इंडियन आइडल फेम सिंगर वेबुजीत की संगीतमय संध्या की प्रस्तुति का आयोजन किया गया है। इस आयोजन के बाद अगले दिन 12 अक्टूबर को दोपहर बाद माता मावली की डोली व मां दंतेश्वरी के छत्र को लेकर काफिला आंवरा भाटा से पैदल चलकर मां दंतेश्वरी शक्तिपीठ मंदिर पहुंचेगा। इस दौरान बाजे-गाजे आतिशबाजी के साथ इसे भव्य रूप देने की तैयारी की गई है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

- Advertisment -spot_imgspot_img

सम्बंधित खबरें