धोनी से मिलने 1436 किमी पैदल चलकर रांची पहुंचा फैन, पांवों में पड़े छाले, फिर माही ने जो किया…

27

रांचीः भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के फैंस तो करोड़ों लोग हैं, लेकिन कुछ ऐसे भी हैं जिसके धोनी भी फैन हो जाते हैं। वहीं एक 18 वर्षीय फैन अजय ने माही से मुलाकात के लिए 1436 किलोमीटर की दूरी पैदल नाप दी। 20 दिनों के सफर में उसके पांवों में छाले पड़ गये। बुधवार देर शाम रांची में धोनी से उनके फॉर्म हाउस में मुलाकात के साथ उसकी मुराद पूरी हो गयी। अजय ने धोनी को ‘आई लव यू’ बोला तो धोनी ने मुस्कुराते हुए उसे गले लगा लिया। अजय ने कहा कि यह उसकी जिंदगी का सबसे खूबसूरत दिन है और आज वह खुद को सबसे बड़ा भाग्यशाली समझ रहा है। जिनसे मिलने के सपने वह पिछले कई सालों से दिन-रात देखा करता था, उनसे मिलकर उसका जीवन सफल हो गया है।

ये भी पढ़ें..न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत उतनी आसान नहीं थी, जितनी लग रही थी : रोहित शर्मा

घर वापसी के लिए दिया फ्लाइट का टिकट

बुधवार की रात महेंद्र सिंह धोनी ने अपने इस फैन को निराश नहीं किया, उसे रांची के सिमलिया स्थित अपने फॉर्म हाउस में रुकवाया। उसके साथ तस्वीरें खिंचवायीं। एक बैट पर उसे अपना ऑटोग्राफ दिया और उसकी घर वापसी के लिए फ्लाइट टिकट की व्यवस्था करायी। अजय हरियाणा के जलान खेड़ा का रहने वाला है और यह दूसरी बार है कि जब वह महेंद्र सिंह धोनी से मिलने के लिए लगभग साढ़े चौदह सौ किलोमीटर पैदल चलकर रांची पहुंचा था। इसके पहले वह इसी साल 26 जुलाई को भी रांची पहुंचा था। उस वक्त धोनी रांची में नहीं थे और अजय की उनसे मुलाकात नहीं हो पायी थी। वह यहां कई दिनों तक सड़कों के किनारे फुटपाथ पर रहता था। बाद में स्थानीय लोगों ने उसे फ्लाइट के जरिए वापस हरियाणा भेजा था।

महेंद्र सिंह धोनी के लिए ऐसी दीवानगी क्यों?

महेंद्र सिंह धोनी के लिए ऐसी दीवानगी क्यों? इस सवाल पर अजय कहता है कि वह धोनी का दीवाना सिर्फ इसलिए नहीं है कि वह एक शानदार क्रिकेटर हैं, बल्कि टीवी पर उनकी बातें सुनकर और उनके व्यवहार के बारे में जानकर वह उनसे बेहद प्रभावित है। अजय ने कहा कि कुछ दिनों पहले धोनी उसके सपने में आये थे तब उसने पूछा था कि वह उससे कब मिलेंगे? सपने में ही धोनी ने उससे कहा था कि इस बार जरूर मुलाकात होगी।

सपने के बाद जब उसकी आंखें खुलीं तो वह एक बार फिर पैदल रांची के लिए निकल पड़ा और 20 दिनों तक लगातार चलने के बाद यहां आ पहुंचा। अजय ने कहा कि वह भी क्रिकेट में करियर बनाना चाहता है, लेकिन उसने कुछ साल पहले संकल्प लिया था कि जब तक धोनी से मुलाकात नहीं होगी, तब तक बल्ला नहीं उठायेगा। अब उनसे मुलाकात हो गयी है तो वह वापस घर जाकर कॉलेज की पढ़ाई करेगा और साथ में क्रिकेट खेलना शुरू करेगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)