प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured जरा हटके

20 साल से बेड से नहीं उठी आस्था, पर उनके हौंसले ने छुआ आसमान

वाराणसीः शारीरिक हालत इतने कठिन हो सकते हैं कि उनसे उबर पाना सामान्य इंसान के बूते से बाहर हो जाता है। ऐसे में जिंदगी के बेहद मुश्किल निराशा और दर्द भरे संघर्षों में इंसान के भीतर आत्मबल और उम्मीद की एक भी किरण बचती है, जो फिर जीने का हौसला पैदा करती है। कुछ ऐसी ही कहानी है 34 वर्षीय दिव्यांग आस्था की। आस्था एक ऐसी बीमारी से ग्रसित हैं जो लाखों करोड़ों लोगों में एक लोगों को होती है। इनके शरीर की हड्डियां 100 जगहों से टूटी है। शरीर में 12 ऑपरेशन होने के बाद राड लगे।

वर्ष 2002 में किसी तरह से व्हीलचेयर पर इंटर पास हुई। आज पूरे 20 वर्ष हो गये आस्था बेड से उठ नहीं पाई, अस्थियां इतनी कमजोर है कि उठने- बैठने में भी टूट सकती है। इसलिए हमेशा लेटे रहती है। इतने कठिन हालात, जिंदगी के बेहद मुश्किल दौर में जीवनलीला समाप्त कर लेने के बजाय आस्था ने अपने नाम के अनुरूप जीवन और ईश्वर के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखा। संघर्ष की नई लकीर खींच दी जो सबके लिए प्रेरणास्रोत है। आस्था ने पूरे हौसले के साथ दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से अपनी पढ़ाई जारी रखी। कंप्यूटर में इंदिरा गांधी ओपन यूनिवर्सिटी से डिग्री ली और आज एक ग्राफिक डिजाइनर के रूप में काम कर रही हैं।

यह भी पढ़ेः अब ऐप की मदद से वाहन चोरी पर लगेगी लगाम, कमिश्नर ने दिए ये निर्देश

आस्था ने अपना यूट्यूब चैनल खोला है। बिस्तर से ही आस्था सारे वे काम करती हैं, जो एक सामान्य व्यक्ति नहीं कर सकता। आस्था के संघर्ष की जानकारी पर उनके घर पहुंचे भाजपा नेता दिव्यांग बंधु डॉ उत्तम ओझा बताते हैं कि आस्था बेड पर लेटे-लेटे ही अपने माउस से कंप्यूटर पर कार्य करती हैं। इस दौरान उनकी अंगुलियों की जादूगरी देखते बनती है। डॉ. उत्तम बताते हैं कि आस्था ने गली में घूमने वाले लावारिस पशुओं के लिए एक संस्था बनाई है। इस संस्था के माध्यम से जीव संरक्षण का कार्य कर रही। डॉ. उत्तम बताते हैं कि आस्था की हिम्मत और हौसले को देखकर मैं अचंभित रह गया। किसी भी प्रकार की कहीं से कोई सहयोग सहायता न मिलने के बावजूद उनके अंदर गजब का आत्मबल है। मैंने कहीं किसी दिव्यांग तो दूर सामान्य जन में भी ऐसा आत्मबल नहीं देखा। उन्होंने लोगों से आस्था के सहयोग में आगे आना का आह्वान किया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)