आबकारी घोटालाः संजय सिंह को मिली 5 दिन की ईडी हिरासत, कोर्ट ने कही ये बात

0
15

नई दिल्लीः दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली एक्साइज घोटाला मामले में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को पांच दिन के लिए ईडी की हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। विशेष न्यायाधीश एमके नागपाल ने संजय सिंह को 10 अक्टूबर तक ईडी की हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

कोर्ट ने पूछा देरी क्यों हुई

ईडी ने संजय सिंह की दस दिन की हिरासत की मांग की थी। सुनवाई के दौरान संजय सिंह की ओर से पेश वकील मोहित माथुर ने हिरासत की मांग वाली अर्जी की प्रति उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पूछा कि जब ईडी को इस लेन-देन के बारे में काफी समय से जानकारी थी तो अब तक उसे गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। कोर्ट ने कहा कि ईडी जिन लेनदेन की बात कर रही है वो अगस्त और अक्टूबर 2021 के हैं। तब ईडी ने कहा कि अभी इस मामले में बयान दर्ज किए गए हैं।

ईडी की रिपोर्ट को बताया गलत

सुनवाई के दौरान ईडी ने कहा कि 2 करोड़ रुपये का लेनदेन दो किस्तों में किया गया। यह लेनदेन संजय सिंह के घर पर हुआ था। इसकी पुष्टि दिनेश अरोड़ा ने की। ईडी की अर्जी में इंडोस्प्रिट के साथ पैसों के लेन-देन का भी जिक्र है, जिसमें कहा गया है कि ये पैसे संजय सिंह के कर्मचारी सर्वेश को उनके घर पर दिए गए थे। दिनेश अरोड़ा ने इसकी पुष्टि की है। संजय सिंह की ओर से कहा गया कि ईडी का यह बयान गलत है। कोर्ट ने ईडी से पूछा कि क्या संजय सिंह के कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए हैं। कोर्ट ने पूछा कि जब आपके पास संजय सिंह के खिलाफ पुख्ता सबूत थे तो उन्हें गिरफ्तार करने में इतना वक्त क्यों लगा।

दिनेश अरोड़ा के बयान पर विश्वास नहीं

संजय सिंह के वकील मोहित माथुर ने विरोध करते हुए कहा कि ये सिलसिला कभी रुकने वाला नहीं है। ईडी के स्टार गवाह दिनेश अरोड़ा ईडी और सीबीआई दोनों मामलों में आरोपी थे, लेकिन अब वह दोनों मामलों में सरकारी गवाह बन गए हैं, इसलिए उनकी विश्वसनीयता सवालों के घेरे में है। दिनेश अरोड़ा बार-बार अपना बयान बदल रहे हैं। माथुर ने कहा कि जांच एजेंसी जिसे भी गिरफ्तार करना चाहती है, उसके बारे में अरोड़ा से बयान लेती है। एजेंसी ने संजय सिंह को एक बार भी समन नहीं किया, लेकिन तलाशी और गिरफ्तारी दोनों एक ही दिन में हो गईं।

यह भी पढ़ेंः-सुक्खू सरकार ने बेटियों को दिया बड़ा तोहफा, बच्चियों की सुरक्षा के लिए लिया फैसला

सुनवाई के दौरान संजय सिंह ने खुद कोर्ट से कहा कि अचानक ऐसा क्या हो गया कि दिनेश अरोड़ा ने पूरा बयान मेरे खिलाफ दे दिया। ईडी ने संजय सिंह के कोर्ट में बोलने का विरोध किया। संजय सिंह ने फिर कहा, मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि मेरे लिए कोई अलग कानून नहीं हो सकता। मुझे एक बार भी नहीं बुलाया गया। आप न्याय के आसन पर हैं, सर। ईडी ने कल संजय सिंह को उनके सरकारी आवास पर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया था, जिसके बाद आज ईडी ने उन्हें कोर्ट में पेश किया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)