प्रेम प्रसंगः समझाने के बाद भी नहीं माना प्रेमी तो प्रेमिका के पति ने उठाया ये कदम

0
142

रतलामः शहर में अवैध संबंधों को लेकर बीती रात एक युवक की चाकू मार कर हत्या कर दी गई। प्रेमिका के पति ने युवक को घर पर समझाने के लिए बुलाया था, लेकिन इसी दौरान दोनों में विवाद हो गया। पति ने चाकू से हमला कर दिया। चाकू प्रेमी के गर्दन में फंस गया और वह 200 मीटर दौड़ता हुआ अपने रिश्तेदार के घर पहुंचा। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे माणक चौक थाने की आदिनाथ कॉलोनी में हुई। शैलेंद्र सिंह और जितेंद्र खत्री परिचित थे। इसकी वजह से जितेंद्र का शैलेंद्र सिंह के घर आना-जाना था। इसी दौरान जितेंद्र के संबंध शैलेंद्र की पत्नी से हो गये। यह बात शैलेंद्र को पता चल गई। उसने दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। शनिवार की रात शैलेंद्र ने जितेंद्र को समझाने के लिए घर बुलाया।

यह भी पढेंः-यूपी के सियासी मैदान में उतरी वीआईपी, विधानसभा चुनाव लड़ने का किया ऐलान

यहां दोनों के बीच हाथापाई हो गई। हाथापाई के दौरान शैलेंद्र सिंह ने चाकू से जितेंद्र पर ताबड़तोड़ वार कर दिए और चाकू जितेंद्र की गर्दन में फंस गया। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र भागकर अपने रिश्तेदार सुशील खत्री के घर तक पहुंचा। सुशील ने उसे अपनी कार से इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन यहां डॉक्टरों ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। घटना के दौरान शैलेंद्र को भी चाकू लगा है। उधर, घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शैलेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया।