वैज्ञानिक अंकुर गुप्ता ने किया इटावा का नाम रोशन, मिशन मंगल के बाद चंद्रयान-3 में हुए शामिल

132

ankur-gupta

Chandrayaan 3: इटावाः जिले के बसरेहर कस्बे के रहने वाले अंकुर गुप्ता ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। वैज्ञानिक अंकुर गुप्ता ने मिशन मंगल के बाद चंद्रयान-3 की टीम में शामिल होकर जिले का नाम रोशन किया है। वैज्ञानिक अंकुर गुप्ता के परिजन चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग और बेटे अंकुर के सफल भविष्य की कामना करते हुए पूजा-अर्चना कर रहे हैं। जिले के बसरेहर कस्बे के रहने वाले सूरज प्रकाश गुप्ता के बेटे वैज्ञानिक डॉ. अंकुर गुप्ता पहले मिशन मंगलयान की टीम में शामिल होने के बाद अब चंद्रयान-3 की स्ट्रक्चर टीम में शामिल हो गए हैं।

बचपन से ही पढ़ाई में तेज अंकुर गुप्ता ने चंद्रयान-3 की टीम में शामिल होकर अपनी मेहनत का लोहा मनवाया है। अंकुर गुप्ता के परिजन और स्थानीय लोग भी चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए हवन कर रहे हैं। अंकुर गुप्ता के पिता सूरज गुप्ता ने कहा कि मेरा बेटा और उसकी पूरी टीम पहले मंगलयान में सफल रही थी, इस बार बेटा चंद्रयान-3 में भी शामिल है, हम सुबह से ही हवन-पूजन कर रहे हैं और भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि इस चंद्रयान-3 को भी सफलता मिले और चांद की धरती पर सुरक्षित उतर जाएं। मां मिथलेश कुमारी ने कहा कि मैं भगवान से प्रार्थना कर रही हूं कि मेरे बेटे और पूरी टीम को चंद्रयान-3 में सफलता मिले।

ये भी पढ़ें..बिग बी ने चंद्रयान-3 और लैंडर विक्रम की ’चंदा मामा’ से…

बड़े भाई संजीव गुप्ता ने बताया कि उनका छोटा भाई अंकुर शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल था और वैज्ञानिक कार्यों में रुचि रखता था, जिसके चलते वह मंगलयान में भी शामिल हुआ और सफलता हासिल की। इस बार वह चंद्रयान-3 की टीम में शामिल हैं और हम सभी उनके परिवार के सदस्य और पूरे बसरेहर कस्बे के लोग प्रार्थना करते हैं कि यह सफल हो और भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन हो। अगर चंद्रयान-3 चांद पर सफलतापूर्वक उतरता है तो पूरे इलाके में मिठाइयां बांटी जाएंगी और भारत की जय-जयकार के नारे भी लगाए जाएंगे। वैज्ञानिक अंकुर गुप्ता की पत्नी दीक्षा भी वैज्ञानिक हैं और अपने पति की मेहनत की सफलता की कामना कर रही हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)