राजस्थान

एकला चलो से काम नहीं चलेगा, अब सबको साथ लेकर चलना होगाः जेपी नड्डा

जयपुरः भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि झूठ बोलना कांग्रेस की संस्कृति का हिस्सा है। वे मानते हैं कि वे झूठ बोलते रहेंगे और जनता उसे मानती रहेगी लेकिन अब वक्त बदल गया है, भाजपा सशक्त है। भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे प्रदेश की जनता को हर चीज से वाकिफ कराएं। भाजपा अध्यक्ष नड्डा मंगलवार को जयपुर के बिड़ला सभागार में प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि महिलाओं पर क्राइम में नंबर एक या दो पर राजस्थान पहुंच गया है। दलितों- महिलाओं पर अत्याचार बढ़ गए हैं। इस सरकार की प्राथमिकता सुशासन देने की नहीं, बल्कि कुशासित राज्य देकर जाने की है। लोकसभा चुनाव के नतीजे बताते हैं कि गहलोत की सरकार से लोग मुक्ति पाना चाहते हैं। मुझे विश्वास है कि आप मेरी बात पर मनन करेंगे।

नड्डा ने कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि एकला चलो से काम नहीं चलेगा अब सबको साथ लेकर चलना होगा। संगठन को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए नड्डा ने कहा कि भाजपा कैडर बेस है, इसे और मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है। हमें बूथ, पन्ना प्रमुख और मंडल तीनों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि हर बूथ पर सक्रिय पन्ना प्रमुख बनाना है। यही हमारी असली ताकत है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बूथ वर्किंग के जरिये सूरत की सीट हमने (भाजपा) सबसे ज्यादा मतों के अंतर से जीती है। जनता भाजपा को चाहती है लेकिन उनकी चाहत को ईवीएम में डालना यह भाजपा का काम है। अटल के जन्मदिन तक हर बूथ पर सक्रिय पन्ना प्रमुख बना लेना है। आज मोदी की हवा है लेकिन उसे कैप्चर करने के लिए इस स्तर पर तैयारी जरूरी है।

यह भी पढ़ें-कांग्रेस ने कहा- रसोई गैस की मूल्य वृद्धि सरकार के अहंकार...

कार्यसमिति को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पुनिया ने कहा कि कांग्रेस की सरकार दमन पर उतर आई है। पूरे प्रदेश भर में दमन चक्र चल रहा है। सत्ता के मद में डूबी ऐसी सरकार नहीं देखी। उन्होंने इस मौके पर भैरोसिंह शेखावत को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत को कागजों से हकीकत में उतारा। पुनिया ने दिवंगत सुंदरसिंह भंडारी, रामदास अग्रवाल, जेपी माथुर, मदनलाल सैनी, भंवरलाल शर्मा को भी याद किया। पुनिया ने कहा कि विधानसभा के 4 उपचुनाव में सभी सीटों पर जीत दर्ज करेंगे। चारों सीटें जीतकर आपकी झोली में डालेंगे।