राजस्थान विधानसभा का आठवां सत्र शुक्रवार से, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी विशेष संबोधन

24

eighth session Rajasthan Legislative Assembly Friday address PM

जयपुर: 15वीं राजस्थान विधानसभा का शुक्रवार से दोबारा शुरू हो रहा आठवां सत्र हंगामेदार रहने के आसार हैं। साल के अंत में विधानसभा चुनाव को देखते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरकार के मौजूदा कार्यकाल का संभवत: यह आखिरी विधानसभा सत्र होगा। माना जा रहा है कि इस आखिरी सत्र में सरकार जनहित से जुड़े अधिक से अधिक विधेयकों को मंजूरी दिलाने की कोशिश करेगी, वहीं विपक्ष ने भी भ्रष्टाचार, पेपर लीक व कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है।

आठवें सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के विशेष सम्बोधन से होगी। 14 जुलाई को सुबह 11 बजे विधानसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का विशेष सम्बोधन होगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने बताया कि 14 जुलाई को सुबह 10.50 बजे राष्ट्रपति के विधानसभा पहुंचने पर उनका स्वागत किया जाएगा. राजस्थान विधानसभा में पहली बार राष्ट्रपति का अभिभाषण हो रहा है. यह राज्य विधान सभा के लिए गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक क्षण होगा। राष्ट्रपति के स्वागत के लिए विधानसभा भवन में भव्य रोशनी की जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी स्वागत भाषण देंगे। इस मौके पर राज्यपाल कलराज मिश्र समेत विधायक और गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

यह भी पढ़ें-Draupadi Murmu MP Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का ग्वालियर दौरा आज, इन कार्यक्रमों में करेंगी शिरकत

इधर विधानसभा सत्र को लेकर सरकार की तरफ से विशेष तैयारी की जा रही है। इसमें मुख्य रूप से उस बिल को पास कराने की कोशिश की जाएगी जो इस बार बजट सत्र में पास नहीं हो सका. वहीं, वर्तमान सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के लिए अतिरिक्त अनुदान की मांगें भी सदन में पारित की जाएंगी। इसके अलावा सदन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से कुछ नई योजनाओं की घोषणा करने की भी संभावना जताई जा रही है।

इसके अलावा नकल विरोधी बिल, यूनिवर्सिटी बिल और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसे बिल भी सरकार विधानसभा में पास कराने के लिए पेश कर सकती है। इस बीच मुख्य विपक्षी दल बीजेपी ने भी सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है। विपक्ष वर्तमान राज्य सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों, पेपर लीक और राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर मुखर हो सकता है। उधर, भरतपुर में हार्डकोर अपराधियों पर सरेआम फायरिंग समेत कई मुद्दों पर विपक्ष का हंगामा तय है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)