Chamba: बारिश व भूस्खलन के बाद हिमाचल में भूकंप, चंबा में महसूस हुए झटके

0
12

earthquake

शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसूनी आफत के बीच रविवार सुबह चंबा जिले (Chamba) में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.8 मापी गई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक भूकंप के झटके सुबह 10 बजकर 2 मिनट पर महसूस किए गए। इसका केंद्र जमीन से छह किलोमीटर गहराई में था।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रवक्ता ने कहा कि झटके कम तीव्रता के थे और किसी के हताहत होने या नुकसान की कोई खबर नहीं है। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश भूकंप संवेदनशील जोन 4 और 5 में आता है। साल 1905 में हिमाचल में 7.8 तीव्रता का बड़ा भूकंप आया था, जिसमें भारी नुकसान हुआ था। इस दौरान 10 हजार लोग मारे गये। पिछले कई सालों में चंबा समेत राज्य के कई हिस्सों में कई बार भूकंप आ चुका है।

ये भी पढ़ें..Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में सुस्त पड़ा मानसून, बारिश से मिलेगी राहत

दरअसल, इस साल मानसून ने हिमाचल प्रदेश में भारी तबाही मचाई है। पिछले महीने मानसून सीजन के दौरान बारिश से संबंधित घटनाओं में 376 लोगों की जान चली गई और 40 लोग लापता हैं। 349 लोग घायल हुए हैं। भूस्खलन और बाढ़ से 141 लोगों की मौत हो गई है, जबकि बारिश से जुड़ी अन्य घटनाओं में 235 लोगों की मौत हो गई। मानसून के मौसम के दौरान, 2445 घर, 306 दुकानें और 5384 पशु शेड पूरी तरह से नष्ट हो गए। जबकि 10504 घरों को आंशिक क्षति हुई है। पिछले दो महीनों में राज्य में 156 स्थानों पर भूस्खलन हुआ और 66 स्थानों पर बाढ़ आई। मानसून सीजन के दौरान राज्य के सरकारी विभागों को 8,604 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)