प्रदेश दिल्ली क्राइम

मूर्ति विसर्जन के दौरान महज कंधा टकराने पर घोंप दिया चाकू, हालत गंभीर

Murder.

नई दिल्ली: शाहदरा जिले के गीता कॉलोनी में सोमवार मूर्ति विसर्जन के दौरान नाचते-गाने के दौरान एक युवक का दूसरे से कंधा टकरा गया। इस बात से खफा युवक ने पीड़ित अभिषेक (23) के पेट में चाकू के कई वार कर दिए। गंभीर हालत में पीड़ित अभिषेक को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। गीता कॉलोनी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर चाकू मारने वाले आरोपित विक्की की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक अभिषेक परिवार के साथ गीता कॉलोनी इलाके में रहता है। अभिषेक के दोस्त रोहित ने बताया कि मोहल्ले में सरस्वती पूजन कार्यक्रम का आयोजन हुआ था। सोमवार शाम को मूर्ति विसर्जन के लिए यमुना घाट जाना था। इस दौरान अभिषेक, उसके दोस्त विक्की, सलमान व अन्य युवक डीजे पर नाच रहे थे। अचानक अभिषेक का कंधा विक्की से टकरा गया।

यह भी पढ़ेंः-अरुणाचल हिमस्खलन में फंसे सातों जवान शहीद, सेना ने की पुष्टि

दोनों के बीच बहस होने लगी। लोगों ने मामला शांत करवा दिया। इसके बाद विक्की वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह वापस आया। उसने अभिषेक को आवाज देकर बुलाया। पास में गली में ले जाकर आरोपित ने अचानक चाकू निकाला और उसके पेट में ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया। अभिषेक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)