Rajendra Prasad Jayanti: देश के पहले राष्ट्रपति व भारत रत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत तमाम नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया।
पीएम मोदी ने लिखा है कि देश के पहले राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद जी को उनकी जयंती पर सादर श्रद्धांजलि। संविधान सभा के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने भारतीय लोकतंत्र की मजबूत नींव रखने में अपना अमूल्य योगदान दिया। आज जब हम सभी देशवासी संविधान के 75 वर्ष मना रहे हैं, तो उनका जीवन और आदर्श और भी अधिक प्रेरणादायक हो जाते हैं।
Rajendra Prasad Jayanti: खड़गे ने दी श्रद्धांजलि
मल्लिकार्जुन खड़गे ने पोस्ट में लिखा है कि भारत के संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले भारत के पहले राष्ट्रपति, महान स्वतंत्रता सेनानी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष डॉ राजेंद्र प्रसाद जी की जयंती पर उनके अतुलनीय योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। देश के संविधान के निर्माण से लेकर भारत को एक मजबूत और उन्नत राष्ट्र बनाने में उनके अतुलनीय योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके उच्च विचार और आदर्श मूल्य हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
ये भी पढ़ेंः- Maharashtra CM: फडणवीस संभालेंगे महाराष्ट्र की कमान ! अजित पवार और शिंदे होंगे डिप्टी सीएम
Rajendra Prasad Jayanti: सीएम योगी ने भी किया नमन
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पोस्ट में लिखा, “महान स्वतंत्रता सेनानी, संविधान सभा के अध्यक्ष, देश के प्रथम राष्ट्रपति ‘भारत रत्न’ डॉ. राजेंद्र प्रसाद जी को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। ‘सादा जीवन, उच्च विचार’ के दर्शन को चरितार्थ करने वाला उनका आदर्श जीवन हम सभी को सदैव प्रेरित करता रहेगा।” उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पोस्ट में लिखा है कि देश के प्रथम राष्ट्रपति एवं महान स्वतंत्रता सेनानी “भारत रत्न” डॉ. राजेंद्र प्रसाद जी को उनकी जयंती पर नमन। स्वतंत्रता संग्राम में आपका योगदान अतुलनीय है। आपके विचार हमें सदैव राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पोस्ट में लिखा है कि महान स्वतंत्रता सेनानी एवं देश के प्रथम राष्ट्रपति ‘भारत रत्न’ डॉ. राजेंद्र प्रसाद जी को उनकी जयंती पर नमन। उनकी विद्वता, सादगी और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने भारतीय लोकतंत्र की नींव को मजबूत किया। भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के अग्रणी नेता के रूप में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा।
Rajendra Prasad Jayanti: 3 दिसंबर 1884 को हुआ था जन्म
उल्लेखनीय है कि राजेंद्र प्रसाद का जन्म 3 दिसंबर 1884 को बिहार के सीवान जिले के जीरादेई में हुआ था। जुलाई 1946 में जब भारत के संविधान का मसौदा तैयार करने के लिए संविधान सभा की स्थापना की गई, तो उन्हें इसका अध्यक्ष चुना गया। आज़ादी के ढाई साल बाद यानी 26 जनवरी 1950 को आज़ाद भारत का संविधान लागू हुआ और राजेंद्र प्रसाद भारत के पहले राष्ट्रपति चुने गए।