पंजाब में इस बार डॉक्टर-वकील और मजदूर चलाएंगे सरकार, 7 दिहाड़ी मजदूरी करने वाले भी बने विधायक

33
केजरीवाल

चंडीगढ़ः पंजाब की 16वीं विधानसभा में कई वर्गों के प्रतिनिधियों का समावेश देखने को मिलेगा। पंजाब में आम आदमी पार्टी के 92 विधायक जीतकर आए हैं जिनमें नौ डॉक्टर हैं। मलौट से जीती डॉक्टर बलजीत कौर तो चुनाव प्रचार के दौरान भी मरीजों की जांच करती रही हैं। इसके अलावा सात विधायक ऐसे हैं जो विधायक बनने से पहले परिवार पालने के लिए दिहाड़ी-मजदूरी करते थे। नए चुने गए विधायकों में 11 पेशे से वकील हैं। पंजाब के मनोनीत मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद कॉमेडियन रहे हैं वहीं खरड़ से जीती अनमोल गगन मान तथा रामपुरा फूल से विधायक बने बलकार सिद्धू पेशे से गायक हैं। आप के टिकट पर चुनाव जीतने वाले दो गीतकार तथा तीन प्रोफेसर हैं। इसके अलावा दो अध्यापक, छह इंजीनियर तथा पांच पेशेवर खिलाड़ी हैं।

ये भी पढ़ें..कंगना ने ‘द कश्मीर फाइल्स’ की तारीफ के साथ ही बाॅलीवुड की चुप्पी पर निकाली भड़ास

21 किसान बने विधायक

पंजाब विधानसभा में पहुंचे दो विधायक पुलिस की पृष्ठभूमि से हैं। इनमें मुख्य रूप से बरगाड़ी केस की जांच करने वाले पंजाब के चर्चित आईपीएस कुंवर विजय प्रताप भी शामिल हैं। पंजाब विधानसभा में पहुंचे विधायकों में नौ बिजनेसमैन, दो प्रिंसिपल तथा 21 किसान हैं। इसके अलावा सात विधायक ऐसे हैं जो विधायक बनने से पहले परिवार पालने के लिए दिहाड़ी-मजदूरी करते थे।

13 महिलाओं ने भी मारा मैदान

इसके अलावा पंजाब विधानसभा में इस बार सबसे अधिक 13 महिलाएं विधानसभा में पहुंची हैं। ऐसे में संभावना है कि भगवंत मान मंत्रिमंडल में महिलाओं की संख्या भी अधिक हो सकती है। पंजाब में हाल ही में संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया के दौरान 93 महिलाएं चुनाव मैदान में थी। इस चुनाव में महिला उम्मीदवारों की संख्या 10 प्रतिशत से कम थी जबकि वर्ष 2017 में हुए चुनाव में महज सात फीसदी महिलाएं ही चुनाव मैदान में थी। वर्ष 2017 में मुख्यधारा की पार्टियों से केवल 29 महिलाएं ही मैदान में थी जबकि इस मुख्य दलों की 37 महिलाओं ने चुनाव लड़ा। जिसमें से 13 महिलाएं चुनाव जीतकर विधानसभा में पहुंचने में कामयाब हुई है। यह आंकड़ा भी हाल के वर्षों के मुकाबले अधिक है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)