Haridwar News : जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह ने सोमवार को जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय पर 10:28 बजे छापेमारी की, जहां सहायक श्रम आयुक्त धर्मराज सिंह, प्रशासनिक अधिकारी रीना नेगी और श्रम प्रवर्तन अधिकारी मीना भट्ट अनुपस्थित पाए गए। जिसके बाद जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है।
अव्यवस्थाओं को सुधारने के दिए निर्देश
कार्यालय में उपस्थिति पंजिका के बारे में पूछने पर कर्मचारियों ने बताया कि, प्रशासनिक अधिकारी ने इसे अपनी अलमारी में बंद रखा है और वह अभी कार्यालय नहीं पहुंची हैं। इस पर जिलाधिकारी ने आदेश दिया कि, सभी सरकारी कार्यालयों में उपस्थिति पंजिकाएं बाहर सुरक्षित स्थान पर रखी जाएं।
ARTO कार्यालय का किया निरीक्षण
बता दें, इसके बाद ARTO कार्यालय का निरीक्षण 10:14 से 10:24 बजे तक चला, जहां ARTO पंकज श्रीवास्तव भी अनुपस्थित मिले। कर्मचारियों ने जानकारी दी कि, वह न्यायिक कार्य से संबंधित एक मामले के लिए देहरादून गए हैं। निरीक्षण के दौरान 32 स्थायी कर्मचारियों में से 16 अनुपस्थित पाए गए, जबकि 4 PRD कर्मियों में से 1 PRD कर्मचारी भी अनुपस्थित मिला।
ये भी पढ़ें: Miss Universe 2024 : गुजरात की रिया सिंघा ने जीता ‘मिस यूनिवर्स इंडिया 2024’ का ताज
Haridwar News: समय पर कार्यालय पहुंचने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए हिदायत दिया कि, सभी अधिकारी और कर्मचारी समय पर कार्यालय पहुंचे और अपने कार्यों को समयबद्धता व पारदर्शिता के साथ पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि, शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।