प्रवासी दिवस के पहले दिन नवाचारों और नई प्रौद्योगिकी में प्रवासी युवाओं की भूमिका पर हुई चर्चा

22

भोपाल: देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में आयोजित 17वें प्रवासी दिवस के पहले दिन केन्द्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में प्लेनरी सत्र में “नवाचारों और नई प्रौद्योगिकी में प्रवासी युवाओं की भूमिका” पर पैनल डिस्कशन हुए। केन्द्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा कि भारतीय युवाओं ने तकनीक और नवाचार में अद्भुत कार्य किया है। युवा प्रवासी सम्मेलन न केवल जड़ों को जोड़ने का प्रयास है, बल्कि नई संभावनाओं को भी आमंत्रित करता है।

केन्द्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा कि भारतीय युवाओं में वो जोश और जुनून है, जो दुनिया के किसी भी कोने में जाकर भारत का नाम हमेशा रोशन करेंगे। प्रवासी भारतीय इस दिशा में एक महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका सफलतापूर्वक निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अमेरिका में अपने भाषण से दुनिया के युवाओं को नई दिशा दिखाई थी। ऐसे ही आप सब भी अपने भीतर छुपे हुए विवेकानंद को बाहर लायें, अपने आपको पहचाने और भारत को विश्व पटल पर अग्रिम बनाने में सहयोग करें। उन्होंने युवा प्रवासी भारतीयों से आह्वान किया कि भारत में कुछ समय बितायें, चुनौतियों को समझकर प्रौद्योगिकी और विज्ञान के माध्यम से देश को आगे बढ़ाने में मदद करें।

इस सत्र में ट्रेवल एप के संस्थापक अमित सुडानी ने कहा कि हर युवा कुछ नया करना चाहता है। मुझे खुशी है कि मध्यप्रदेश सरकार ने हमें एक ऐसा प्लेटफार्म दिया है, जहां हम अपने हुनर को दुनिया के सामने ला सकते हैं। पूर्व में यह कहा जाता था कि युवा शक्तियां पश्चिम की ओर जा रही हैं। अब परिवर्तन हुआ है, पश्चिम के लोग अब पूरब (एशिया) की ओर आकर्षित हो रहे हैं। सुडानी ने कहा कि सबसे ज्यादा प्रशिक्षित युवा भारत में मौजूद हैं।

आयरलैण्ड के भारत शर्मा डॉट काम के संस्थापक भारत शर्मा ने कहा कि हमें इस बात का गर्व होना चाहिए कि ब्राण्ड इंडिया पूरे विश्व में राज कर रहा है। युवा नवाचार और नई तकनीकों को प्रभावित कर ब्राण्ड इंडिया को चमका रहा है। गूगल, मास्टर कार्ड जैसी नामी कम्पनियां आज भारतीय चला रहे हैं। यह सब भारतीयों की उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि युवा हमेशा विशिष्ट कार्य करने की ठाने। सबकुछ आप करेंगे तो विशिष्टता हासिल नहीं कर पाएंगे। जुगाड़ और कॉपी पेस्ट से नहीं, मेहनत और अलग हटके सोच ही सफलता की कुंजी है। लोगों से जुड़े और विश्वास के साथ नवाचार करें।

यह भी पढ़ें-उज्जैन: प्रवासी भारतीयों ने किए महाकाल दर्शन, सुनी महाकाल लोक में…

मॉरीशस से आये पिच पेमेंट के संस्थापक राहुल जैन ने कहा कि वैश्विक स्तर पर नई तकनीकों की मांग बहुत अधिक है और भारतीय युवाओं में वह योग्यता भरपूर है। भारतीय मेघा अपनी संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। विदेशों में रहने वाले लगभग 34 मिलियन लोगों के पास बहुत सी सफलता की कहानियां हैं, जो प्रेरणा-स्रोत हैं।

महिलाओं को आर्थिक साक्षरता प्रदान करने के क्षेत्र में कार्य करने वाली यूके की सिमरन कौर ने कहा कि जेण्डर विविधता को समानता में लाने के लिये महिलाओं को आर्थिक रूप से साक्षर बनाना सबसे अच्छा निराकरण है। आर्थिक स्वतंत्रता महिलाओं को सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्वतंत्रता का अभाव आम महिला के लिए कई बार विपरीत परिस्थितियां उत्पन्न करता है।

सत्र में ओयो होटल समूह के संस्थापक रीतेश अग्रवाल ने कहा कि भारत के इस अमृत काल में अपनी सहभागिता कर युवा अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं। प्रवासी भारतीय इसमें सबसे ज्यादा मददगार साबित होंगे। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप्स केवल व्यवसायिक तौर पर मुनाफा नहीं कमाती है, बल्कि हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराती है। भारत में मैन्यूफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर में बहुत संभावना हैं। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से आग्रह किया कि वे भारतीय युवाओं के काम करने की पॉजीटिव एप्रोच को मदद करें और उन्हें आगे बढ़ाने में सहयोग करें। इस अवसर पर पेनलिस्ट से विभिन्न सवाल भी पूछे गये।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)