प्रदेश Featured महाराष्ट्र

भोगावती नदी में मिलीं जिलेटिन की छड़ों को किया डिफ्यूज, सुरक्षा एंजेसियां सतर्क

मुंबई: रायगढ़ जिले के पेन के पास भोगवती नदी में बड़ी मात्रा में मिली जिलेटिन की छड़ों को शुक्रवार सुबह डिफ्यूज कर दिया गया। नदी में मिली इन जिलेटिन की छड़ों को लेकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं हैं। मामले की गहन छानबीन चल रही है। एहतियात के तौर पर पेन इलाके में मुंबई-गोवा राजमार्ग गुरुवार देर रात से ही बंद कर दिया गया है, जिसे शुक्रवार को खोले जाने की सूचना मिली है।

रायगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक सोमनाथ घरगे ने मीडिया को बताया कि गुरुवार रात पेन इलाके में भोगावती नदी में बम रखे जाने की सूचना मिली थी। इसी जानकारी के बाद रायगढ़ जिले की पुलिस टीम और नवी मुंबई बम निरोधक दस्ते के जवान मौके पर पहुंचे और जांच कार्य शुरू कर दिया। इस सूचना के बाद मुंबई-गोवा हाईवे भी बंद कर दिया गया। नदी क्षेत्र में काफी देर तक छानबीन करने के बाद जिलेटिन के छड़ें बरामद की गईं। जिलेटिन की इन छड़ों में तार, पाइप और घड़ी लगी हुई थी। इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने इसे आज सुबह डिफ्यूज कर दिया है।

ये भी पढ़ें..PM मोदी ने बेंगलुरु को दीं कई सौगात, 5000 करोड़ के...

पुलिस अधीक्षक सोमनाथ घरगे ने बताया जिलेटिन की छड़ें नदी में किसने और किस उद्देश्य से रखी, इसकी छानबीन की जा रही है। दरअसल, मुंबई में बम धमाके की कई धमकी भरे फोन पुलिस कंट्रोल रूम में आ चुके हैं। साथ ही मुंबई पर ड्रोन द्वारा आतंकी हमले की भी धमकी दी गई है। इसी वजह से पेन के पास नदी में जिलेटिन की छड़ें मिलने पर सुरक्षा एजेंसियां और सतर्क हो गईं हैं।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…