धोनी के माता-पिता हुए कोरोना संक्रमित, अस्पताल में भर्ती

51

रांचीः टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के पिता पान सिंह धोनी और माता देवकी देवी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें बरियातू रोड स्थित पल्स सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में एडमिट कराया गया है।

पल्स के संचालक अभिषेक झा ने बताया कि क्रिकेटर महेन्द्र सिंह धोनी के माता-पिता का कोविड-19 टेस्ट सकारात्मक आने के बाद उन्हें यहां भर्ती कराया गया है। धोनी के माता-पिता की स्थिति सामान्य है और उनका ऑक्सीजन स्तर ठीक है। पल्स प्रबंधन ने बताया कि दोनों का संक्रमण फेफड़ों तक नहीं पहुंचा है। उम्मीद जताई जा रही है अगले कुछ दिनों में दोनों स्वस्थ हो जाएंगे और संक्रमण मुक्त हो जाएंगे।

यह भी पढ़ेंःकोरोना का हाहाकार, तीन लाख के करीब पहुंची संक्रमितों की संख्या,…

महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेल रहे हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान धोनी अभी मुंबई में हैं, जहां बुधवार को उनकी टीम का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। बता दें कि कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए झारखंड सरकार ने मंगलवार को 22 अप्रैल से 29 अप्रैल तक राज्य में लॉकडाउन लगा दिया है।लॉकडाउन के दौरान, आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी। धार्मिक स्थल खुले रहेंगे लेकिन श्रद्धालुओं का जमावड़ा नहीं होने दिया जाएगा। राज्य सरकार के आदेश के अनुसार, लॉकडाउन के दौरान कृषि, निर्माण, औद्योगिक और खनन गतिविधियों की अनुमति होगी।