Featured दुनिया

भारी बारिश ने मचायी तबाही, भूस्खलन के चलते 14 लोगों की गयी जान

बोगोटाः दक्षिण अमेरिकी महाद्वीप के उत्तर पश्चिम में स्थित देश कोलंबिया में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। भारी बारिश से हुए भूस्खलन में 14 लोगों की मौत हो गयी और 35 घायल हो गये हैं। कोलंबिया के शहर परेरा में लगातार बारिश से लोग परेशान हैं। वहां रिसारल्डा क्षेत्र में अत्यधिक भूस्खलन हुआ है। परेरा के मेयर कार्लोस माया ने बताया कि भूस्खलन के कारण 14 लोगों की जान चली गयी है। घटना में 35 लोगों के घायल होने की जानकारी भी मिली है।

मेयर ने कहा कि अभी क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। उन्होंने नागरिकों से क्षेत्र को खाली कर देने को कहा है, ताकि अधिक जान-माल का खतरा टाला जा सके। भूस्खलन के कारण अधिकांश लकड़ी के बने घर प्रभावित हुए हैं। बचाव दलों ने 60 से अधिक घरों को खाली करा लिया है। बचाव अभियान भी जारी है।

ये भी पढ़ें..मेघों ने भगवान भास्कर का किया घेराव, रिमझिम बारिश फिर लेकर आएगी ठंडक

कोलंबिया के राष्ट्रपति इवान डुके ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए भूस्खलन जारी रहने के कारण सावधानी बरतने को कहा है। लगातार मूसलाधार बारिश के कारण भूस्खलन से परेरा में कई घरों पर चट्टानें गिर गयी। स्थिति पर नियंत्रण के प्रयासों के साथ राष्ट्रीय जोखिम प्रबंधन एवं आपदा इकाई को आवश्यकता पड़ने पर हस्तक्षेप के लिए तैयार रहने को कहा गया है। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं। क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य जारी है। आसपास के घरों से दर्जनों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा चुका है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)