डिप्टी सीएम ने कहा- राम मंदिर निर्माण अशोक सिंघल को सबसे बड़ी श्रद्धांजलि

2539

deputy-cm-temple-construction-ashok-

 

प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के Deputy CM केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को प्रतापगढ़ में कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण हिंदू सम्राट स्वर्गीय अशोक सिंघल को सबसे बड़ी श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय श्री सिंघल को मंदिर निर्माण के लिए चलाए गए आंदोलन के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है। 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में नवनिर्मित श्रीराम मंदिर का उद्घाटन करेंगे।

प्रतिमा का किया अनावरण

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर निर्माण आंदोलन के दौरान हमने भी कारसेवा की थी। उपमुख्यमंत्री ने जिला मुख्यालय से लगभग 30 किमी दूर मांधाता ब्लॉक के वीरसिंहपुर पूरेबसावन में हिंदू सम्राट स्वर्गीय अशोक सिंघल की प्रतिमा का अनावरण किया और हवन पूजा की। इसके अलावा उन्होंने पास के दुर्गा मंदिर में दर्शन पूजन भी किया।

उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम परिसर में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित सामग्रियों की प्रदर्शनी स्टॉल का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा समूह की महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

माताओं/बहनों  को मिल रहा लाभः Deputy CM

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 2017 से अब तक साढ़े छह लाख लोगों को नौकरी देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि वह देश की 2 करोड़ दीदियों को लखपति दीदी बनाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समूहों के माध्यम से बैंक सखी, बीसी सखी, विद्युत सखी आदि के रूप में काम करने वाली 1 करोड़ 20 लाख माताओं/बहनों को आर्थिक सहायता देने के लिए सरकारी खजाना खुला है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री ने कहा है कि उनकी सरकार के लिए चार जातियां हैं- गरीब, युवा, किसान और महिलाएं, जब तक वे इन चारों जातियों को खुश नहीं कर लेंगे, तब तक नहीं बैठेंगे।

यह भी पढे़ंः-पंजाब में जीएसटी में 16.61 फीसदी की बढ़ोतरी, बोले मंत्री हरपाल चीमा

इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों के अन्नप्राशन का भी आयोजन किया। उन्होंने कार्यक्रम के मुख्य आयोजक आचार्य कृष्ण कुमार पांडे की सराहना करते हुए कहा कि श्री पांडे उनके गुरु भाई हैं, उन्होंने विदेश में रहकर भी धर्म जागृति के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि 55 लाख गरीबों को प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास उपलब्ध कराये गये हैं। आयुष्मान योजना के तहत सरकार ने गरीब परिवारों को 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा दी है।

समारोह में उपमुख्यमंत्री संगम लाल गुप्ता ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि मंदिर निर्माण की लौ जलाने का काम हिंदू सम्राट स्वर्गीय अशोक सिंघल ने किया था। उनकी स्मृति में आज यहां उनकी प्रतिमा स्थापित कर आचार्य कृष्ण कुमार पांडे ने बहुत ही सराहनीय कार्य किया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)