Jharkhand Dengue: झारखंड में डेंगू का कहर, पश्चिमी सिंहभूम बना हॉटस्पॉट

0
8

Dengue-cases

रांचीः राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में डेंगू ( Dengue) का आतंक देखने को मिल रहा है। झारखंड में डेंगू और चिकनगुनिया के मामले लगातार तेजी से बढ़ रहे हैं। इस बीच, राज्य का पूर्वी सिंहभूम जिला डेंगू का हॉटस्पॉट बन गया है, जबकि रांची चिकनगुनिया का हॉटस्पॉट पहले से बना हुआ है। जनवरी से अब तक प्रदेश भर में डेंगू के 1534 और चिकनगुनिया के 240 मरीज मिल चुके हैं।

जानें कहां कितने मरीज

पूर्वी सिंहभूम जिले की बात करें तो यहां अब तक 7,735 संदिग्ध डेंगू ( Dengue) मरीज मिल चुके हैं। इनमें से 891 में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। इस जिले में डेंगू से छह लोगों की मौत भी हो चुकी है। जबकि रांची में 69, हजारीबाग में 43, दुमका में 51, धनबाद में 40, साहेबगंज में 202, सरायकेला में 109, देवघर में 27, पश्चिमी सिंहभूम में 17, सिमडेगा में 4, लोहरदगा में 6, खूंटी-गिरिडीह, बोकारो जिले में 19, चतरा में 14 और पाकुड़ में 16 मरीज मिले हैं। अब तक राज्य भर में 2,94,837 घरों का सर्वेक्षण किया जा चुका है। इनमें से 13,933 घरों में डेंगू का लार्वा पाया गया है। जबकि 1012580 कंटेनरों की जांच की गई है, उनमें से 25531 में डेंगू के लार्वा पाए गए हैं।

ये भी पढ़ें..विदेश मंत्री ने फिर लिया कनाडा को आड़े हाथ, संयुक्त राष्ट्र में उठाई ये मांग

चिकनगुनिया भी तेजी से फैला रहा पैर

प्रदेश भर में जनवरी से लेकर अब तक चिकनगुनिया के 5202 संदिग्ध मरीज मिल चुके हैं। इनमें से 240 में चिकनगुनिया की पुष्टि हो चुकी है। रांची में 1281 संदिग्ध मरीज मिले। इनमें से 162 में चिकनगुनिया की पुष्टि हो चुकी है। जबकि पूर्वी सिंहभूम में 2190 संदिग्ध मरीज मिले। इनमें से 56 में चिकनगुनिया की पुष्टि हो चुकी है। देवघर में 10, गोड्डा में 8 और लोहरदगा में 4 मरीज मिले हैं। शुक्रवार रात तक प्रदेश भर में डेंगू के 41 मरीज मिले हैं। इनमें पूर्वी सिंहभूम में 19, पाकुड़ में पांच, चतरा में सात, धनबाद में चार, दुमका में तीन, हजारीबाग में एक और सिमडेगा में दो मरीज मिले। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में डेंगू के 60 सक्रिय मरीज हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)