देश Featured दिल्ली

Delhi Cold Wave: कोहरे से थमी दिल्ली की रफ्तार, 120 से ज्यादा उड़ाने प्रभावित, कई ट्रेनें लेट

Delhi Cold Wave , नई दिल्लीः पूरा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है। दिल्ली-एनसीआर के लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सफदरजंग में आज सुबह न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली हवाईअड्डे ने घने कोहरे के कारण उड़ान संचालन में देरी की सूचना दी है। इससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय आगमन और प्रस्थान दोनों सहित लगभग 120 उड़ानें प्रभावित हुई हैं। जबकि घने कोहरे से कारण कुल 53 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। वहीं कोहरे के कारण दिल्ली पहुंचने वाली 20 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में सुबह घना कोहरा छाया रहा। पंजाब के अमृतसर में शीतलहर के बीच घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी काफी कम रही।

जमा देने वाली ठंड में गणतंत्र दिवस की रिहर्सल जारी

उधर दूसरी ओर कड़ाके की ठंड का गणतंत्र दिवस परेड पर कोई असर नहीं पड़ा है। कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल जारी रही। इतना ही नहीं, सैन्य परेड के अलावा अलग-अलग राज्यों की झांकियों और उसके लिए रोजाना अभ्यास की भी तैयारी चल रही है। हर साल की तरह इस बार भी इस परेड की तैयारियां चल रही हैं। सुबह से शाम तक सेना के जवान मार्च करते नजर आ रहे हैं। up-weather-update ये भी पढ़ें..Weather Update: खून जमा देने वाली ठंड से कांपा बिहार, 17 जिलों का लुढ़का पारा

इन राज्यों में सबसे ज्यादा पड़ रहा कोहरे का असर

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, आज अमृतसर में न्यूनतम तापमान 5 और अधिकतम 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। भारतीय मौसम विभाग ने आज सुबह 7 बजे ताजा सैटेलाइट इमेज जारी की है। विभाग ने बताया कि आधी रात के बाद बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और दिल्ली में कोहरा कम रहा। हालांकि, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। 24 घंटे पहले मंगलवार की सुबह दिल्ली में ठंड थी लेकिन दोपहर में धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से दो डिग्री कम है। सुबह न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)